नवगछिया : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को नवगछिया तीनटंगा दियाारा के राजकीय संत विनोबा उच्च विद्यालय लोकसभा के जदयू प्रत्याशी अजय कुमार मंडल के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया तो विरोधियों को निशाने पर भी लिया। सीएम ने कहा कि उन्होंने समाज के हर तबके के उत्थान के लिए काम किया है। सड़क, सुरक्षा, पानी, बिजली आदि की व्यवस्था को सुधारा। उन्होंने राजद का नाम लिए बिना कहा कि पति-पत्नी की सरकार ने बिहार में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य हर चीज को चौपट कर दिया था। विधि व्यवस्था बदतर थी। हमने सरकार में आने के साथ एक-एक चीज को सुधारा। सीएम ने सभा में भागलपुर दंगा का भी जिक्र करते हुए कहा कि सबको मालूम है कि 1989 में भागलपुर में क्या हुआ था। इसके बाद के 15 साल में कुछ नहीं हुआ था।

सीएम ने कहा कि 2005 में जब घूम रहे थे तो मुस्लिम समाज के लोगों ने कहा कि गड़बड़ हुआ है। सत्ता में आने के बाद उसका इंतजाम किए। अभी बोलेगा कि मुस्लिम समाज उनके साथ है। सीएम ने कहा- उनके झांसे में नहीं आइएगा। जिस समय काम किया उस समय तो भाजपा हमारे साथ थी। पहले हिन्दू-मुस्लिम विवाद होता रहता था। एनडीए के सत्ता में आने के बाद बंद हो गया है। कब्रिस्तान की घेराबंदी नहीं होने से झगड़ा होता था। छह हजार कब्रिस्तान की घेराबंदी करवा दी। मदरसा में भी सरकार की तरफ से सहायता दी जा रही है। हिन्दुओं के लिए भी काम हो रहा है। पहले मंदिर में घुसकर चोरी हो जाती थी। अब 60 साल पुराने मंदिरों की घेराबंदी करायी जा रही है। सभा को शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, राज्यसभा सांसद संजय झा, विधायक गोपाल मंडल, इंजीनियर शैलेन्द्र, ललन पासवान, पूर्व सांसद शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, अनिल यादव, पूर्व राज्यसभा सदस्य कहकशां परवीन आदि ने संबोधित किया।

बिहार में सभी क्षेत्रों में विकास हुआ

26 मिनट के संबोधन में सीएम नीतीश कुमार ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के कार्यकाल और परिवारवाद पर जमकर निशाना साधा। साथ ही अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को भी साझा किया। कहा कि पहले स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क आदि की हालत बदतर थी। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में महीने में 35 से 39 मरीज इलाज कराने आते थे। व्यवस्था बेहतर किया तो अब महीने में 11 हजार मरीज प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र आ रहे हैं। लड़कियों के शिक्षा में सुधार हुआ है। इंटर पास लड़कियों को 25 हजार और स्नातक पास लड़कियों को 50 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। युवाओं को नौकरी और रोजगार देने की प्रक्रिया चल रही है। 2020 में 10 लाख को नौकरी देने को कहा गया था। चार लाख युवाओं को नौकरी मिल गयी है। एक लाख को नौकरी देने की प्रक्रिया चल रही है। तीन लाख और नौकरी देने की तैयारी चल रही है। चार लाख युवाओं को रोजगार मिला है। पंचायत और नगर निकाय में महिलाओं को आरक्षण दिया। स्वयं सहयता समूह का नाम बदलकर जीविका किया। उस समय केन्द्र में कांग्रेस की सरकार थी। सरकार के मंत्री बिहार में देखने आए थे। देशभर में इसका नाम आजीविका रखा गया। बिहार में एक लाख 51 हजार स्वयं सहायता समूह है। शहरी क्षेत्र में भी इसका विस्तार किया जा रहा है। पहले महिलाएं बोलती नहीं थीं। अब बैठकर बढ़िया बोलती हैं। सड़क और पुल-पुलिया का निर्माण कराया गया। हर पंचायत में पंचायत सरकार भवन बन रहा है। सब जगह शिक्षकों की बहाली हो रही है। बिहार में 40 सीट और देश में कम से कम 400 सीटों पर जीत होगी।

लालू राज में कुछ नहीं हुआ

सीएम ने कहा कि उनके सत्ता में आने से पहले बिहार में 15 साल कुछ नहीं हुआ। लोग शाम में घर से निकलते नहीं थे। समाज में विवाद होता था। केवल परिवार के लिए काम हुआ। बिना नाम लिये कहा कि खुद के बाद पत्नी को सीएम बनाया। अब बेटा-बेटी को बना रहे हैं। सरकार में रहने के दौरान गड़बड़ कर रहा था तो हटा दिया। अब कहीं नहीं जायेंगे। आपलोगों को सब कुछ याद रखना है। पढ़ाई की हालत बदतर थी।

Whatsapp group Join

पहली सभा में दंगा कांड की इंट्री, जुबान फिसली

2024 के लोकसभा चुनाव में भागलपुर क्षेत्र में सीएम की पहली सभा थी। लंबे समय के बाद चुनावी सभा में भागलपुर दंगा कांड की इंट्री भी हुई। हालांकि संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री की जुबान फिर फिसली। उन्होंने पहले कहा- आपलोग को याद होगा कि भागलपुर में 19 में क्या हुआ था। फिर संभलते हुए कहा कि सॉरी 89 में हुआ था।

भागलपुर से पुराना रिश्ता

सीएम ने कहा कि भागलपुर से उनका पुराना रिश्ता है। जब बाढ़ आता है तो बार-बार आते हैं। पटना जेल में उदयकांत मिश्रा से मुलाकात हुई। इंजीनियरिंग कॉलेज का निरीक्षण किया। बाढ़ राहत के लिए काम किया जा रहा है। बिहार सरकार विकास के लिए काम करती है। पूरा बिहार आपका है। सीएम ने एनडीए प्रत्याशी अजय कुमार मंडल के समर्थन में लोगों से हाथ उठवाने के बाद माला पहनाया। तंज कसते हुए कहा कि दूसरे प्रत्याशी किसी काम के नहीं हैं।

गोपाल मंडल के जख्मों पर लगाया मरहम, कहा- मदद कीजिए

नवगछिया। सीएम नीतीश कुमार ने विधायक गोपाल मंडल की ओर इशारा करते हुए कहा- इस बार इनकी भी इच्छा थी लोकसभा चुनाव लड़ने की। लेकिन कोई बात नहीं है, पूरा मदद कीजियेगा। खड़ा होकर कहिए की मदद करिएगा की नहीं। इसपर विधायक ने कहा कि- हम तो पहले से ही पूरा मदद कर रहे हैं। सीएम ने प्रत्याशी अजय मंडल को भी बुलवाया और कहा कि सभी मिलजुलकर सारा ताकत लगाकर इनको जिताइये।

पंचायत सरकार को बहाल किया, महिलाओं को आरक्षण

सीएम ने कहा कि जिस तरह से बिहार सरकार है। इसी तरह से पंचायत की सरकार को हमने बहाल किया। पंचायत स्तर पर महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देकर उसे पंचायत सरकार की प्रतिनिधित्व के तौर पर जनता ने स्थापित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर पंचायत, नगर परिषद, नगर निगम में भी हमने आरक्षण लाया जिससे महिलाओं का दायरा बढ़ा। विश्व बैंक से कर्ज लेकर महिलाओं के लिए जीविका समूह बनाया।

एक साथ पहुंचे अजय-बुलो मंडल

सभा में 12.25 बजे प्रत्याशी अजय मंडल और जदयू में शामिल हुए पूर्व सांसद बुलो मंडल एक साथ पहुंचे। इसके बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे। बता दें कि एक दिन पहले ही भागलपुर के पूर्व सांसद बुलो मंडल राजद छोड़ जदयू में शामिल हो गए हैं। इस मंच पर उनकी मौजूदगी पहले से तय थी।