नवगछिया : जमीन की रजिस्ट्री नहीं करने पर रुपए वापस मांगने पहुंचे युवक की हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को शौचालय की टंकी में छुपा दिया। परिजनों ने खोजबीन की तो तीन दिन बाद कर्जदार के घर से युवक का चप्पल बरामद हुआ। शक गहराने पर परिजन व ग्रामीणों ने पूछताछ की तो आरोपी घर छोड़कर भाग गए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इसी बीच पुराने शौचालय की टंकी पर नई मिट्टी देख संदेह होने पर टंकी का ढक्कन हटाया तो युवक का शव दिखाई दिया। घटना कटिहार के कोढ़ा थाना क्षेत्र के किशोरगंज ललिया गांव पोखर टोला की है। मृतक की पहचान बिहपुर के हरियो गांव निवासी पिंटू शर्मा (35) के रूप में हुई है। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने टंकी से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने परिजनों के फर्द बयान पर मामला दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पार्वती देवी, प्रियंका देवी, सोनू चौधरी और आनंद चौधरी शामिल हैं। उधर, पिंटू शर्मा की दो मासूम बेटियां, बबली (3) व अन्नू प्रिय (1) का रो-रोकर बुरा हाल है। कोढ़ा के अपर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि जल्द ही इस जघन्य साजिश का पूरा खुलासा किया जाएगा।














