नवगछिया/खरीक : खरीक थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक ज्वेलरी दुकान में मंगलवार की देर रात अज्ञात चोरों ने भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह है कि पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मामले को लेकर बिहपुर के झंडापुर निवासी संतोष साह ने खरीक थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि वह रोज की तरह मंगलवार की शाम करीब साढ़े छह बजे अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। बुधवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब उनकी नींद खुली तो उन्होंने अपने मोबाइल से दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को देखा। इसी दौरान उन्हें दुकान में चोरी होने की आशंका हुई।
इसके बाद वे तुरंत दुकान पहुंचे, जहां देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ है। दुकान के अंदर प्रवेश करने पर पाया कि काउंटर में रखे करीब दो किलो चांदी, 20 ग्राम सोना समेत अन्य सभी गहने-जेवर गायब हैं। चोरी के बाद दुकान लगभग पूरी तरह खाली हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। चूंकि चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है, इसलिए पुलिस को जल्द ही चोरों तक पहुंचने की उम्मीद है।
इस संबंध में खरीक थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और शीघ्र ही पूरे मामले का सफल उद्भेदन कर लिया जाएगा।













