बैट्री लूटने के बाद गमछे से गला घोंटकर की थी हत्या, बाइक और लूटी गई बैट्री बरामद
खरीक थाना क्षेत्र में हुए टोटो चालक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मंगलवार की देर रात चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में खरीक के तुलसीपुर निवासी बादल शर्मा, सुदामा कुमार, सबौर के मीराचक निवासी श्रीचन शर्मा तथा लूटी गई बैट्री खरीदने वाला गोपालपुर के अभिया निवासी लड्डू शर्मा शामिल हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बाइक और लूटी गई टोटो बैट्री भी बरामद कर ली है। बरामद बैट्री लड्डू शर्मा के घर से मिली है।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि घटना के दिन वे लोग टोटो चालक को पकड़कर तुलसीपुर बहियार ले गए थे। वहां उन्होंने पहले टोटो की बैट्री लूट ली। इसके बाद गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद अपराधियों ने साक्ष्य छिपाने के लिए टोटो को उसी जगह सड़क किनारे गड्ढे में धकेल दिया। वहीं, शव को बाइक से ले जाकर अंभो-दादपुर सड़क किनारे झाड़ी में फेंक दिया था।
इस मामले में खरीक थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार सभी अपराधियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
ज्ञात हो कि 30 मार्च की शाम करीब चार बजे खरीक के नवादा निवासी 19 वर्षीय सिट्टू कुमार, पिता राजेश दास, घर से टोटो लेकर निकला था। इसके बाद वह लापता हो गया था। बाद में उसकी हत्या की बात सामने आने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।













