नवगछिया । कदवा ओपी थाना क्षेत्र के ठाकुरजी कचहरी टोला में अपराधियों ने दीपावली की रात एक अधेड़ व्यक्ति को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। गोली मंगल साह (55) को मारी गई है। परिजनों ने बताया कि रात करीब सात बजे सभी परिवार दरवाजे पर ही हुक्का पाती खेल कर बैठे थे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इसी बीच गांव के ही शालेन्द्र राय उर्फ शालो का पुत्र नवल किशोर राय छह- सात लोगों के साथ आया और बिना कुछ कहासुनी के गोली चला दी जो मंगल साह के अंडकोष के पास लग गई है। सूचना मिलते ही कदवा पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के साथ घायल को इलाज के लिये अनुमण्डल अस्पताल ले गये। जहां से चिकित्सकों ने मंगल साह को मायागंज भागलपुर रेफर कर दिया। मायागंज अस्पताल में भी जख्मी मंगल साह की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
गोली लगने के बाद रक्तस्राव अधिक होने के डर से चिकित्सकों ने दस दिन बाद ऑपरेशन कर गोली निकालने की बात कही है। वहीं मंगल साह के पुत्र नीतीश साह उर्फ चंदन ने नवल किशोर राय समेत सात लोगों के खिलाफ कदवा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि घटना के बाद एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है।

गिरफ्तार अभियुक्त खरीक थाना क्षेत्र के गोट खरीक निवासी अमित मंडल के पुत्र नीतीश कुमार है। वहीं अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। साथ ही बताया कि नवल किशोर राय पर पहले से भी मद्य निषेध व आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। इस त्योहार में उस पर 107 की भी कार्रवाई की गयी थी।
