नवगछिया अनुमंडल में बिजली की स्थिति लचर-Naugachia News
8 घंटे से भी कम मिल रही है बिजली
उमस भरी गर्मी में लोगों का जीना हुआ मुहाल
नवगछिया : नवगछिया अनुमंडल में बिजली की आपूर्ति काफी लचर हो गई है नवगछिया नगर सहित सभी प्रखंडों में बिजली की काफी कम आपूर्ति की जा रही है.
बिजली की आपूर्ति लचर रहने के कारण उपभोक्ताओं को उमस भरी गर्मी में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है पर रहा है. मिली जानकारी के अनुसार नवगछिया नगर क्षेत्र में सोमवार की सुबह से देर शाम तक महज 6 घंटे ही बिजली दी गई थी जबकि नवगछिया ग्रामीण क्षेत्र में भी कमोबेश यही स्थिति रही. उधर बिहपुर नारायणपुर खरीक गोपालपुर रंगरा प्रखंडों की भी यही स्थिति है. बिजली के अभाव में लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना तो करना पड़ ही रहा है साथ ही साथ बिजली आधारित उद्योग धंधे पूरी तरह से ठप हो गए हैं. नवगछिया नगर क्षेत्र के लोगों का कहना है कि इन दिनों नवगछिया में उतनी भी बिजली नहीं दी जा रही है जिससे कि उनका मोबाइल शत-प्रतिशत रिचार्ज हो सके. नवगछिया भाजपा के नगर अध्यक्ष मुकेश राणा, जदयू के नगर अध्यक्ष प्रकाश राय, घनश्याम यादव, शाहिद रजा, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अजय कुमार सिंह, अनुज कुमार चौरसिया, कुणाल कुमार गुप्ता आदि अन्य लोगों ने भी बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग बिजली विभाग के पदाधिकारियों से की है.

जिला पार्षद ने दी आंदोलन की चेतावनी
खरीक में बिजली की लचर आपूर्ति के कारण मिर्जापुर गांव में कपड़ा उद्योग पूरी तरह से ठप्प हो गया है. खरीक उत्तरी के जिला पार्षद कांग्रेस नेता गौरव राय ने कहा कि खरीद में बिजली की लचर आपूर्ति के कारण उपभोक्ताओं में आक्रोश है. जल्द ही अगर निर्बाध 20 घंटे बिजली नहीं दी गई तो वह आंदोलन करने को विवश हो जाएंगे.
