नवगछिया: नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र के नवटोलिया में पति, पत्नी और बच्चे की बीच सड़क पर हॉरर किलिंग से आम लोग भी दहशत में आ गए। पिता-पुत्र ने चांदनी, चंदू व उसकी 18 माह की पुत्री रोशनी को गोलियों से भून दिया। छह गोली उन्हें मारी गयी। मंगलवार की शाम लगभग चार बजे हुई इस घटना के दौरान हल्ला हंगामा सुनने के बाद काफी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए पर किसी की हिम्मत नहीं हुई कि वे पप्पू सिंह और उसके बेटे धीरज के उस खूंखार रूप के सामने आ सके और बीचबचाव कर सके। लोगों को ऐसा लग ही नहीं रहा था कि इतनी बड़ी घटना हो सकती है। उस वीभत्स घटना के दौरान आसपास के लोग इतने डर गए कि वे इधर-उधर भागने लगे। काफी देर तक शव भी उसी तरह पड़ा रहा। पुलिस को सूचना मिली जिसके बाद गोपालपुर थानाध्यक्ष नीरज कुमार व अन्य पदाधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!18 महीने की बच्ची को भी नहीं छोड़ा, गिरफ्तारी को हो रही छापेमारी
प्रेम विवाह करने वाली चांदनी के पिता और भाई ने न सिर्फ उसकी हत्या की बल्कि चांदनी के पति चंदन उर्फ चंदू और उन दोनों की 18 महीने की बच्ची रोशनी को भी नहीं छोड़ा। उस मासूम की हत्या किए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में भी आक्रोश था। घटना के बाद पुलिस आरोपी पिता-पुत्र की तलाश में छापेमारी कर रही है। घटना के बाद से ही दोनों वहां से भाग निकले थे। घटना के बाद एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने वहां से नमूना एकत्रित किया है जिसकी फोरेंसिक जांच कराई जाएगी।
चंदन खेती कर घर चलाता था, हत्यारोपी राजमिस्त्री
परिजनों का कहना है कि एक ही गांव की रहने वाली चांदनी और चंदन के प्रेम विवाह से दोनों परिवार में तनाव था। चांदनी के परिजन ज्यादा आक्रोश में थे। समय बीता तो सबकुछ सामान्य होने लगा था, हालांकि चांदनी का अपने मायके कम आना-जाना था। चंदन पांच भाइयों में सबसे छोटा था। वह खेती कर अपना परिवार चला रहा था। हॉरर किलिंग के आरोपी पप्पू और उनका बेटा धीरज राजमिस्त्री का काम करते हैं। मंगलवार को हत्यारोपी पिता और पुत्र घटनास्थल के पास ही मकान निर्माण का कार्य कर रहे थे। शाम चार बजे के लगभग चांदनी अपने पति और बच्ची के साथ कहीं जा रही थी। विवाद के बाद पप्पू ने अपनी बेटी, दामाद व नतिनि को लोहे के रड से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसके बाद उसके बेटे धीरज ने हथियार निकाला और उन तीनों को गोली मार दी। चंदन के भाई ने भी पुलिस को बयान दिया है।

फुटबॉलर नैना भारती की हॉरर किलिंग भी सुर्खियों में रही
नवगछिया में इससे पहले भी हॉरर किलिंग की घटनाएं हो चुकी हैं। फुटबॉलर मधु उर्फ नैना भारती की भी हॉरर किलिंग हुई थी। उसके परिजनों ने ही उसकी हत्या कर दी थी। प्रेम प्रसंग की वजह से परिजनों ने उसकी हत्या कर शव को नवगछिया रेलवे स्टेशन के पास जख बाबा स्थान के पास गड्ढे में छिपा दिया था। बहनोई और बहन ने मिलकर नैना की हत्या की थी। नैना भारती के फोटो को पहचान के लिए नवगछिया से गुजरने वाली ट्रेन में चिपकाया गया था। बाद में उसके प्रेमी मानसी निवासी रवि कुमार ने शव की शिनाख्त की और पूरे मामले के उद्भेदन में पुलिस को मदद की थी। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
