Headlines

नवगछिया : खरीक चौक के पास ट्रक-हाइवा की भीषण टक्कर, दोनों में लगी आग

साइकिल लदा ट्रक धू-धूकर जला, चालक जिंदा जला; 4 घंटे तक एनएच-31 जाम

नवगछिया। एनएच-31 पर खरीक चौक के पास शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में ट्रक और हाइवा की आमने-सामने टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में ट्रक चालक जिंदा जल गया, जबकि दोनों वाहन और ट्रक पर लदी भारी संख्या में साइकिलें जलकर राख हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मृतक चालक की पहचान बक्सर जिले के नावानगर थाना क्षेत्र के सेवई प्राणपुर निवासी 30 वर्षीय राजू कुमार सिंह, पिता सिद्धनाथ सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि ट्रक लुधियाना से साइकिल लोड कर मालदा जा रहा था। इसी दौरान सुबह करीब 6 बजे खरीक चौक के पास सामने से आ रहे गिट्टी लदे हाइवा से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में देखते ही देखते आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैल गईं, जिससे ट्रक चालक वाहन में ही फंस गया और जिंदा जलकर उसकी मौत हो गई। वहीं हाइवा चालक, खलासी और एक अन्य व्यक्ति वाहन से कूदकर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सीओ प्रवीण वत्स समेत 7 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की 5 टीमें बारी-बारी से घटनास्थल पर पहुंचीं और करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 9 बजे आग पर काबू पाया गया

आग बुझने के बाद क्रेन की मदद से दोनों जले हुए वाहनों को सड़क से हटाया गया। इस दौरान एनएच-31 पर करीब 4 घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने काफी प्रयास के बाद जाम हटवाया और सुबह 10 बजे के बाद आवागमन सामान्य कराया

यातायात थानाध्यक्ष सुजीत वारसी ने बताया कि हादसे की सूचना मृतक चालक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


नवगछिया के 22 किमी हाइवे पर 14 ब्लैक स्पॉट

इस दर्दनाक हादसे के बाद एक बार फिर एनएच-31 पर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस जिला नवगछिया के अंतर्गत करीब 22 किलोमीटर लंबे हाइवे पर 14 जगहों को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित किया गया है। प्रशासनिक स्तर पर इन खतरनाक स्थानों की पहचान भी की जा चुकी है, लेकिन हादसों को रोकने के लिए अब तक प्रभावी पहल नहीं हो सकी है।

ये हैं ब्लैक स्पॉट

  • रंगरा चौक
  • मुरली चौक
  • मकंदपुर चौक
  • जीरोमाइल
  • चकमैदा चौक
  • अंभो चौक
  • खरीक चौक
  • बगड़ी चौक
  • लगदाहा चौक
  • बगड़ी ओवरब्रिज
  • दयालपुर चौक
  • महंथ स्थान चौक
  • बलहा चौक
  • नारायणपुर चौक

स्थानीय लोगों का कहना है कि इन स्थानों पर इंडिकेटर, स्पीड कंट्रोल साइन, रिफ्लेक्टर और जागरूकता बोर्ड लगाए जाएं तो सड़क हादसों में काफी कमी लाई जा सकती है।

चोर चोर चोर.. कॉपी कर रहा है