बांका जिले में लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारी से लेकर पुलिसकर्मी तक सड़कों पर तैनात है। इस दौरान वाहनों की आवाजाही बिल्कुल बंद है और बेवजह सड़क पर घूमने वाले बाइक सवार से लेकर पैदल चलने वालों पर पुलिस का सख्त पहरा है। लॉकडाउन के दौरान पुलिस की मार से बचने के लिए लोग नए-नए तरीकों का ईजाद कर रहे हैं। ऐसी ही एक तस्वीर बांका के गांधी चौक के पास से आई है, जहां एक युवक ने गत्ते पर निवेदन लिखकर गले में टांग लिया। उस पर उसने लिखा था- दवाई लाने जा रहा हूं कृपया लाठीचार्ज ना करें।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस की मार से बचने के लिए युवक ने ढूंढी तरकीब
बांका शहरी क्षेत्र के बाबुटोला निवासी छोटू कुमार ने बताया कि घर पर परिवार के सदस्य बीमार है। दवाई लाना जरूरी थी। सड़क पर पुलिस का सख्त पहरा है। हर आने-जाने वालों से कड़ाई से पूछताछ हो रही है और डंडा भी बरसाया जा रहा है। लॉकडाउन लागू होने से पुलिस कुछ भी सुनने को तैयार नहीं है। दवाई लाना जरूरी था। इसलिए एक तरकीब सुझी और पुलिस की मार से बचने के लिए कागज के गत्ते पर निवेदन है कि दवाई लेने जा रहा हूं लाठीचार्ज न करें लिखकर अपने बाइक से निकल पड़ा।


जांच के बाद ही युवक को छोड़ा गया
शहर के गांधी चौक पर मौजूद पुलिस कर्मी युवक के इस कदम से हैरान रह गए। हालांकि पुलिस वालों ने युवक को रोककर पूछताछ शुरू कर दी। इतनी देर में ही उसी रास्ते से DM और SP का काफिला भी गुजर रहा था। पुलिस कर्मी ने इसकी जानकारी SP को दी। युवक ने दोनों अधिकारी को दवाई का पुर्जा सहित कारण बताया। इसके बाद युवक को दवाई खरीदने के लिए जाने का आदेश दे दिया।
