नवगछिया । सैदपुर गांव के समीप ग्रामीणों के सहयोग से बनाए गए ब्रह्मोतर बांध शनिवार की देर रात कट जाने के बाद कई इलाकों में बाढ़ का पानी फैलने लगा है। बांध के कटने से सैदपुर, गोपालपुर, सुकटिया बाजार सहित कई गावों के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी पहुंचने लगा है। सैदपुर सुकटिया बाजार मुख्य सड़क मार्ग पर लगभग 3 से 4 फीट पानी चल रहा है। नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज, अनुमंडल पदाधिकारी उत्तम कुमार, एसडीपीओ दिलीप कुमार सिंह सहित कई अधिकारियों ने तटबंध टूटने के बाद इलाके में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। अनुमंडल पदाधिकारी ने तत्काल मोटरसाइकिल और साइकिल चालक प्रतिबंधित करते हुए सुकटिया बाजार सैदपुर सड़क मार्ग को बैरिकेडिंग कर चौकीदार को प्रतिनियुक्ति कर दी।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

अंचलाधिकारी द्वारा बताया गया कि तटबंध टूटने के बाद सुकटिया बाजार, सैदपुर, गोपालपुर मुस्लिम टोला आदि इलाकों में बाढ़ का पानी फैलने लगा है। सड़क ना टूटे इसके लिए सड़क के किनारे संबंधित विभाग के लोगों द्वारा बालू की बोरी रखी गई है।

सैदपुर गांव के समीप ब्रह्मोत्तर बांध कटने के बाद पानी की मुख्य धार सुकटिया बाजार सैदपुर सड़क मार्ग पर आ गया है। रविवार की सुबह-सुबह बैलगाड़ी पानी के बहाव में बहने लगा। उस उस पर सवार व्यक्ति पप्पू राय ने किसी तरह बैल को निकाला। वहीं दूसरी ओर सैदपुर गांव निवासी उत्तम कुमार का पुत्र भास्कर कुमार साइकिल से बाजार जाने के क्रम में तेज बहाव के कारण बहने लगा, जिसे स्थानीय लोगों ने बचाया। लोगों की आवाजाही को लेकर प्रशासनिक अधिकारी के द्वारा तत्काल सड़क पर बैरिकेडिंग कर रोक लगाया गया। अंचलाधिकारी राज किशोर शर्मा ने बताया कि जब तक पानी का दबाब यहां पर होगा तब तक सड़क मार्ग से किसी को जाने वाले नहीं दिया जाएगा। चौकीदार की प्रतिनियुक्ति दोनों तरफ से कर दी गई है।

वहीं बांध टूटने पर लोगों ने जलसंसाधन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। सैदपुर मुखिया प्रतिनिधि सह पूर्व मुखिया जितेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से हमलोगों ने प्रखंड मुख्यालय सहित आठ पंचायतों को बाढ़ से बचाने हेतु किसानों की रैयती जमीन पर बांध का निर्माण करवाया। जलस्तर में वृद्धि होने पर बांध की सुरक्षा भी हमलोग कर रहे थे। लेकिन जल संसाधन विभाग द्वारा आवश्यकता के अनुसार बालू भरी बोरियां उपलब्ध नहीं करवाए जाने के कारण बांध को नहीं बचाया जा सका। वहीं इस मुद्दे पर विभाग के अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं थे।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Verified by MonsterInsights