नवगछियाः गोपालपुर प्रखंड के मालपुर गांव में सोमवार को एक जंगली गीदड़ ने आतंक मचा दिया। खेत में घास काट रही महिलाओं पर अचानक गीदड़ ने हमला कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। इस हमले में छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक महिला की उंगली गीदड़ ने पूरी तरह चबा डाली। गंभीर रूप से घायल महिला को मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!घटना के बारे में परिजनों एवं घायलों ने बताया कि मालपुर निवासी दो महिलाएं खेत में घास काट रही थीं, तभी झाड़ियों से एक गीदड़ निकलकर उन पर टूट पड़ा। हमले की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सरोजनी देवी नामक महिला की उंगली गीदड़ ने पूरी तरह काट ली।
महिलाओं के चिल्लाने पर जब आसपास के लोग उन्हें बचाने दौड़े, तो गीदड़ ने उन पर भी हमला कर दिया। घायलों की पहचान मकंदपुर निवासी अनिल शाह, अनीता देवी, सुमित्रा देवी, सरोजनी देवी, शिवनंदन शाह और कमल किशोर शाह के रूप में की गई है। सभी का प्राथमिक उपचार नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में किया गया, जबकि सरोजनी देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मायागंज अस्पताल भेजा गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि गीदड़ की हरकतें बेहद अजीब और खतरनाक थीं। घायलों के परिजनों ने वन विभाग से गुहार लगाई है कि इस हिंसक जानवर को जल्द पकड़ा जाए, ताकि गांव में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तुरंत कार्रवाई की मांग की है।













