नवगछिया : इस्माईलपुर से बिंदटोली तटबंध के बीच लगभग 55 करोड़ की लागत से तटबंध और स्पर के पुनर्स्थापना का काम किया जाएगा। काम की स्वीकृति मिलने के बाद जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता ई. अनवर जमील और अधीक्षण अभियंता संजीव शैलेश, नवगछिया बाढ़ नियंत्रण कार्यालय के कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार के साथ तटबंध पर पहुंचे। उन्होंने काम शुरू करने को लेकर के स्थल का निरीक्षण किया। इस मौके पर कार्यपालक अभियंता से मुख्य अभियंता ने विस्तार से जानकारी ली।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मालूम हो कि पिछले वर्ष अगस्त महीने में इस्माईलपुर-बिंदटोली तटबंध लगभग 120 मीटर ध्वस्त हो गया था। तटबंध ध्वस्त हो जाने के बाद गोपालपुर प्रखंड सहित रंगरा प्रखंड के कई गांव बाढ़ से प्रभावित हो गए। जिससे सड़क टूटने के साथ अन्य समस्या उत्पन्न हो गई थी। इसी को देखते हुए जल संसाधन विभाग के द्वारा बाढ़ से पूर्व यहां पर काम को पूरा करने के लिए संवेदक तय कर दिया गया है।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इस बार तटबंध के कटे हुए हिस्से को पाइलिंग सीट के माध्यम से मरम्मती कराई जाएगी। इस कार्य को लगभग 37 करोड़ की लागत किया जाएगा। इसका जिम्मा असम की त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन कंपनी को दी गई है। वहीं स्पर संख्या आठ और नौ के बीच 16 करोड़ की लागत से स्पर की मरम्मती के साथ-साथ कटे हुए हिस्से की मरम्मती का कार्य ठेकेदार जयप्रकाश साह के द्वारा किया जाना है।

इसी तरह से स्पर संख्या नौ के अपस्ट्रीम और स्पर संख्या नौ के ध्वस्त हिस्से को बोल्डर से कार्य करने को लेकर के छह करोड़ की लागत से कार्य स्वीकृत किया गया है। अरिहंत कंस्ट्रक्शन के द्वारा स्पर संख्या छह और एन के अपस्ट्रीम में कार्य पूरा करना है यह कार्य लगभग ढाई करोड़ की लागत से होना है। अरिहंत कंस्ट्रक्शन के द्वारा कार्य शुरू कर दिया गया है। कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार ने बताया कि कार्य की स्वीकृत होने के बाद स्थल का निरीक्षण बड़े अधिकारियों ने किया है। जिससे कि बाढ़ कैलेंडर से पहले कार्य पूरा करा लेना है।
