भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने हथियार के बल पर जगदीशपुर एसबीआई के ग्राहक सेवा केन्द्र के संचालक विष्णु दास से 3.55 लाख रुपये लूटकर भागलपुर की ओर फरार हो गए। घटना शुक्रवार दिन के करीब 10.50 बजे अंगारी मोड़ के समीप हुई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!विष्णु दास ने बताया की आम दिनों की तरह बलुआचक शाखा के एसबीआई बैंक से तीन लाख 55 हजार निकासी कर बैग में रख बाइक से जगदीशपुर आ रहे थे। इसी बीच मेरी बाइक का पीछा कर अंगारी मोड़ के पास तीन बदमाश मेरी बाइक को आगे से रोककर हथियार सटाकर पैसे लूटकर फरार हो गया।


इस दौरान मैंने विरोध किया लेकिन उनलोगों ने हथियार निकालकर मेरे साथ मारपीट करने लगे और एक राउंड फाइरिंग भी की। हथियार के डर से मैं कुछ नहीं कर सका और बदमाश पैसे से भरा बैग लेकर भागने में सफल रहा। इस दौरान मैं जख्मी भी हो गया। कुछ देर के लिए सड़क पर अफरातफरी का माहौल हो गया और ट्रकों का जाम भी लग गया।

पुलिस ने की सीसीटीवी फुटेज की जांच
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष श्रीकांत चौहान एवं विधि व्यवस्था डीएसपी नेशार अहमद साह ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की और विष्णु दास से घटना की जानकारी ली। डीएसपी ने यूको बैंक पुरैनी एवं एसबीआई बैंक के सीसीटीवी फुटेज को भी देखा और बदमाशों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा।

एसएसपी आशीष भारती ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर विष्णु दास से पूछताछ की। विष्णु ने पुलिस को बताया की जिस बदमाश के पास हथियार था उसने अपने मुंह पर कपड़ा ढंक लिया था। पुलिस को देर शाम तक इस मामले में कोई सुराग हाथ नहीं लगा था। घटना के बाद कजरैली, गोराडीह पुलिस ने भी जगदीशपुर पहुंच कर मामले की जांच की।
