खुलासा : नवगछिया में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, सामानों के साथ 3 धराये-Naugachia News

NEWS

◆ चोरी के सामानों के साथ 3 सदस्य दबोचे गए

◆ चोरी के कई मामलों का हो सकता है खुलासा

◆ पुलिस पदाधिकारियों ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों से की है सघन पूछताछ

नवगछिया : नवगछिया में इन दिनों हो रही एक के बाद एक चोरी की घटनाओं में संलिप्त एक गिरोह का नवगछिया पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. गिरोह के तीन सदस्यों के साथ पुलिस ने एक चोरी का लैपटॉप व तीन चोरी का मोबाइल बरामद किया है. गिरफ्तार तीनों आरोपियों में गोपालपुर थाना क्षेत्र के अभिया गांव के निवासी के पुत्र, नवगछिया थाना क्षेत्र के मक्खातकिया निवासी के पुत्र और नवगछिया के ही हरिया पट्टी निवासी के पुत्र है. गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों की उम्र काफी कम है. पुलिस ने तीनों के पास से चोरी का तीन वीवो मोबाइल और एक सोनी का लैपटॉप व अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद किया है.

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

छानबीन में पुलिस को पता चला है कि बरामद समान प्रोफेसर कॉलोनी निवासी हीरालाल पंडित का है. मालूम हो कि 5 अक्टूबर 2017 को नवगछिया के प्रोफेसर कॉलोनी निवासी हीरालाल पंडित के घर भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया था नकदी-जेवरात समेत लैपटॉप और मोबाइल भी चोरों ने चोरी कर लिया था. छानबीन में यह स्पष्ट हो गया कि चोरों के पास से बरामद सामान हीरालाल पंडित के ही हैं.

नवगछिया के पुलिस पदाधिकारियों ने गिरफ्तार तीनों युवकों से सघन पूछताछ किया है. तीनों युवकों की निशानदेही पर नवगछिया बाजार के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी भी की जा रही है. नवगछिया पुलिस को संदेह है कि नवगछिया में पिछले दिनों हुई कई चोरियों की घटनाओं में इसी गिरोह का हाथ है. यह बात भी सामने आई है कि इस ग्रुप में कई सदस्य हैं जो कि निरंतर रूप से चोरी की घटना को अंजाम देते हैं. जानकारी मिली है कि पुलिस ने नवगछिया में पिछले दिनों हुई चोरियों की घटनाओं को अंजाम देने वाले कई लोगों को चिन्हित भी कर लिया है.

आए दिन इस गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिए जाने की संभावना है. मालूम हो कि पिछले दिनों हुई चोरी की घटनाओं में देखा गया है कि चोरों ने वैसे घरों को ही अपना निशाना बनाया है जिन घरों के सभी सदस्य अपने घर से बाहर किसी कार्य से या फिर समारोह श्राद्ध में गए हो. आशंका है कि इस गिरोह का नेटवर्क बहुत बड़ा है और अब क्रमशः इस गिरोह के सदस्यों को दबोचा जाएगा. नवगछिया के थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर संजय कुमार सुधांशु ने बताया कि अन्य चोरी के मामलों का भी उद्भेदन पुलिस जल्द से जल्द कर लेगी. इसके लिए पुलिस एक रणनीति के तहत कार्य कर रही है.