भागलपुर से हवाई सेवा शुरू हो इसके लिए अब जनआंदोलन शुरू हो गया है। भागलपुर हवाई जहाज सेवा संघर्ष समिति की ओर से बुधवार को दूसरे दिन घंटाघर के पास भागलपुर मांगे एयरपोर्ट को लेकर अनिश्चितकालीन धरना जारी रहा। वक्ताओं ने कहा कि स्मार्ट सिटी नहीं होते हुए भी पूर्णिया से हवाई सेवा शुरू हो चुका और भागलपुर के जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण अभी तक यहां से हवाई जहाज नहीं उड़ा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!यह आंदोलन जनता का नहीं बल्कि जनप्रतिनिधियों को करना चाहिए था। कहा कि हवाई सेवा के लिए नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भी मिला जायेगा। इसके लिए शहर के दस साफ-सुथरे छवि के व्यक्तियों के साथ दिल्ली जा जायेगा। इस बार वो स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बहकावे में नहीं आयेंगे। जब तक हवाई सेवा शुरू नहीं होगी तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
संयोजक कमल जयसवाल ने बताया कि यहां के कई युवा दूसरे राज्यों में पढ़ते और नौकरी करते हैं। इस होली में भी कई लोग घर नहीं आ पाये। ऐसी परिस्थिति में अब हवाई सेवा जरूरी हो गयी है। इसमें सभी लोगों का सहयोग मिल रहा है। सह संयोजक आनंद मिश्रा ने कहा कि अनिश्चितकालीन धरना के दौरान भूख हड़ताल, अमरण-अनशन आदि किया जायेगा।

धरना के दौरान दोपहर तीन बजे से इंजीनियर अमन सिन्हा के नेतृत्व में हस्ताक्षर अभियान चला। जिसमें 800 से अधिक लोगों ने समर्थन में हस्ताक्षर किया। पूर्व मेयर डॉ. वीणा यादव ने कहा कि वह इस आंदोलन में साथ हैं। हवाई सेवा भागलपुर की जरूरत है। धरना में जयनंदन आचार्य, दिनेश सिंह, पवन कुमार साह, विनय सिन्हा आदि मौजूद थे।
