नवगछिया : रंगरा प्रखंड के सहोड़ा में दियारा से दूध लेकर आ रहे दहियारों से भरी नाव शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे अनियंत्रित होकर कोसी नदी में पलट गई। नाव पर सवार छह लोग तैरकर बाहर निकल गए, जबकि चार लोग अब भी लापता हैं। कुल 10 लोग पर थे। गोताखोरों की मदद से डूबे लोगों की तलाश जारी है। हालांकि, प्रशासनिक तौर पर अब तक सिर्फ तीन के लापता होने की पुष्टि की गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!घटना के तीन घंटे बाद एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच लोगों की तलाश में जुट गई है। अब तक किसी को नहीं निकाला जा सका है। देर से एसडीआरएफ के पहुंचने के कारण लोगों में आक्रोश था। सूचना मिलते ही रंगरा थानाध्यक्ष महताब खां, सीओ आशीष कुमार व मेडिकल टीम के सदस्य मौके पर पहुंचे।


हादसे के बाद तैरकर बाहर निकले छेदी यादव ने बताया कि सहोड़ा गांव के अलावा आसपास के दहियार व किसान रोज नाव के सहारे अपने खेत और मवेशी के लिए चारा लाने को कोसी पार सहोड़ा दियारा जाते हैं। शुक्रवार दोपहर भी दूध लेकर कोसी के उस पार से नाव पर सवार 10 लोग लौट रहे थे। भार से अधिक लोग नाव पर सवार हो जाने और अचनाक तेज हवा चलने से नाव अनियंत्रित होकर बीच नदी में पलट गई। नाव पर दहियार के अलावा किसान भी सवार थे। साथ ही साइकिल, बाइक, घास व अन्य सामान भी लदे थे। छह लोग तैरकर बाहर निकल पाये लेकिन अब भी चार लोग लापता हैं। रणजीत यादव ने बताया कि नाव पलटने के बाद हम किसी तरह अपनी जान बचा पाये। लापता लोगों के परिजनों के साथ-साथ एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे थे। रंगरा पुलिस और अंचलाधिकारी घटनास्थल पर कैंप किए हुए हैं। एसडीआरएफ की टीम लापता लोगों की तलाश कर रही है। मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ लगी थी। लापता व्यक्तियों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

नवगछिया एसडीओ ई अखिलेश कुमार ने बताया कि नाव हादसे में अब तक तीन लोगों के लापता होने की पुष्टि हो पाई है। चौथे के बारे में जानकारी नहीं हो पा रही है। सभी की खोजबीन जारी है।
जो बचकर निकले
1. छेदी यादव, पिता विलास यादव, सहोड़ा
2. तिरो यादव, पिता शुक्कन यादव, सहोड़ा
3. संजीव यादव, पिता सदानंद यादव, भवानीपुर
4.रमेश यादव, पिता वकील यादव, भवानीपुर
5. सुजीत यादव, पिता विलास यादव, भवानीपुर
6. राजीव यादव
लापता लोगों के नाम
1. मेदी यादव, पिता विलास यादव, सहोड़ा
2. सुमित कुमार, पिता अवधेश यादव, साधोपुर,
3. महेश्वरी यादव, भवानीपुर
4. अज्ञात
