नवगछिया : विगत एक माह से नवगछिया में जाम अब लोगों के दिन चर्या का हिस्सा बनने लगा है. जाम के आगे व्यवस्था पूरी तरह से बौनी नजर आ रही है. प्रशासन और पुलिस के लाख प्रयास के बावजूद रोज जाम लग ही जा रहा है. मंगलवार को भी विक्रमशिला सेतु और सेतु पथ पर दिन भर जाम की स्थिति बनी रही तो नवगछिया जीरो माइल से कुर्सेला तक दिन भर लोग जाम से जूझते रहे. जाम से लोग पूरी तरह से आजिज दिख रहे हैं. अब चौक, चौराहों, चाय, पान की दुकानों और गांव के चौपालों में भी जाम की चरचा होने लगी है. मंगलवार को नवगछिया जीरो माइल से लेकर कुर्सेला तक करीब 15 किलोमीटर तक सड़क पर नवगछिया से कुर्सेला की ओर ट्रकों की लंबी कतार लगी हुई थी.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!लगभग एक हजार से अधिक ट्रक 24 घंटे से जाम में फंसे हुए थे और 24 घंटे में महज दस किलोमीटर की दूरी तय कर पाये थे. ऐसे ट्रक 24 घंटे के बाद मंगलवार को देर शाम कुर्सेला पार कर पूर्णियां की ओर बढ़ पाये थे. दूसरी तरफ राजमार्ग पर रंगरा से लेकर कुर्सेला तक परिचालन दिन भर वन वे था. लेकिन रंगरा की ओर से मकंदपुर चौक आते ही वाहन भीषण जाम में फंस जा रहे थे. नवगछिया से भागलपुर लोग दो से ढ़ाई घंटे में सफर तय कर रहे थे. इधर भाजपा नेता नितेश कुमार यादव, आजाद हिंद मोरचा के अध्यक्ष राजेंद्र यादव, राजद के मीडिया प्रवक्ता विश्वास झा, राजद नेता त्रिपुरारी कुमार भारती ने कहा कि जाम की समस्या विकरात हो गयी है. यह जाम कब किसकी जान ले ले यह कहना मुश्किल है. सबों ने जाम के मुद्दे पर संबंधित पदाधिकारियों से मिलने की बात कही है.

चौबे जी के वाहनों का काफिला जाम में नहीं फंसा
संयोग कहिये या प्रशासनिक प्रबंधन माननीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे के वाहनों का काफिला नवगछिया से चापर हाट जाने के कारण में जाम में नहीं फंसा. आयोजकों को आशंका थी कि निश्चित रूप से चौबे जी का काफिला जाम में फंस जायेगा लेकिन नवगछिया से दस बजे दिन में चापर के लिए निकला श्री चौबे का काफिला सरसराते हुए गनतव्य तक जा पहुंचा. श्री चौबे के समर्थकों को भी इस बात पर आश्चर्य था. कई लोगों ने कहा कि प्रशासनिक स्तर से व्यवस्था कर दिये जाने के कारण ही चौबे ही के वाहनों का काफिला जाम में नहीं फंसा. वहीं श्री चौबे के करीबी मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि जहां तक उन्हें जानकारी है कि प्रशासनिक स्तर से किसी प्रकार की तैयारी नहीं की गयी थी. नेता जी का काफिले का जाम में न फंसना महज एक संयोग है.

जाम को लेकर जगह जगह की है व्यवस्था
जाम को लेकर नवगछिया जिला पुलिस द्वारा रंगरा चौक से जाह्नवी चौक तक करीब 15 स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की गयी है. नवगछिया के थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर लालबहादुर ने बताया कि जाम को हटाने के लिए पुलिस ने एड़ी चोटी का जोड़ लगा दिया है लेकिन पुलिस बलों की कमी के कारण यातायात का एक्शन प्लान नहीं बन पा रहा है. इसके लिए वरीय पदाधिकारी प्रयासरत है जल्द ही जाम की समस्या का निदान किया जायेगा.


