नवगछिया : खरीक थाना क्षेत्र के कटैला गांव में अवैध रूप से जमीन कब्जा करने और रंगदारी मांगने के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 16 सितंबर को की गई, जब पुलिस ने तकनीकी और मानवीय आसूचना के आधार पर मामले में संलिप्त अभियुक्तों को दबोचा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
नवगछिया एसडीपीओ ओमप्रकाश ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह मामला 1 सितंबर का है। वादी मुरारी चौधरी की परती जमीन पर बबलू दास अपने भाइयों और लगभग 300 अन्य लोगों के साथ मिलकर जबरन झोपड़ी बनाने का प्रयास कर रहा था। जब मुरारी चौधरी ने इसका विरोध किया, तो उनके साथ मारपीट की गई और रंगदारी भी मांगी गई।
इस घटना के संबंध में खरीक थाना में कांड संख्या 268/25 दर्ज किया गया था। इसमें 26 नामजद और 250 अज्ञात लोगों को अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस ने जांच के बाद पांच मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपितों में अशोक दास (पिता स्व. नेवी दास, सा. छोटी कटैला), बबलू दास (पिता योगेंद्र दास, सा. खैरपुर), अरविंद दास (पिता स्व. अखलेश्वर दास, सा. पश्चिमी घरारी), अजय दास (पिता स्व. सुरेंद्र दास, सा. पश्चिमी घरारी) और पप्पू कुमार दास (पिता स्व. जनतरी दास, सा. काजी कौरैया) शामिल हैं। ये सभी भागलपुर जिले के खरीक थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि जमीन कब्जे की यह योजना वादी और बबलू चौधरी के बीच चल रहे पुराने विवाद के कारण बनाई गई थी। बबलू दास गरीब लोगों से 5000 रुपये लेकर अवैध रूप से जमीन पर कब्जा कराने का काम कर रहा था।पुलिस ने सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में संलिप्त अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।













