नवगछिया : गंगा का जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती इलाके में बाढ़ का कहर जारी है। बुधवार की दोपहर करीब 3 बजे इस्माइलपुर से लक्ष्मीनियां गांव तक जानेवाली ग्रामीण सड़क पर बनी सात मीटर लंबी पुलिया विनोबा गांव के पास ध्वस्त हो गई। साथ ही करीब 300 फीट सड़क भी पानी की तेज धार में बह गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पुलिया और सड़क बहने के बाद अब छोटी परबत्ता पंचायत के विनोबा, बसगड़ा और लक्ष्मीनियां गांव का संपर्क प्रखंड मुख्यालय से पूरी तरह भंग हो गया है। इससे लगभग 5000 हजार की आबादी प्रभावित हो गई है। लोग निजी नाव से आवागमन कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सरकारी नाव की व्यवस्था कराने की मांग की है।
सूचना मिलने पर ग्रामीण कार्य विभाग के अभियंता पहुंचे। विभाग के कनीय अभियंता मिहिर कुमार ने बताया कि अभी पानी का दबाव अधिक है। दबाव कम होने पर लोगों के आने-जाने के लिए तत्काल सड़क बनाई जाएगी। इस्माइलपुर जिला परिषद सदस्य विपिन कुमार मंडल ने कहा कि बांध के बाहर कई गांव हैं। उन गांव में बनने वाली सड़क और पुल-पुलिया की ऊंचाई अधिक होनी चाहिए। पुल की ऊंचाई के अनुसार ही सड़क बननी चाहिए। वर्ष 2017 में 13 लाख रुपए की लागत से इस सड़क की मरम्मत कराई गई थी।

ग्रामीणों का कहना है कि आठ साल में एक बार भी सड़क की दोबारा मरम्मत नहीं कराई गई। इससे सड़क की हालत जर्जर हो गई थी। पानी का दबाव बढ़ने से पुलिया और सड़क ध्वस्त हो गई। लोगों का यह भी कहना है कि पुलिया के निर्माण के समय ही हमने इसकी ऊंचाई बढ़ाने के लिए विभाग के अधिकारी और ठेकेदार से कहा था, लेकिन हमारी बात पर ध्यान नहीं दिया गया।













