विक्रमशिला सेतु जाम की गिरफ्त में, बनने लगी विकराल.. वाहनों की संख्या चार गुणा तक

भागलपुर / पटना

भागलपुर : विक्रमशिला सेतु जाम की समस्या फिर से आम बात हो गई है। लॉकडाउन शुरू होने के बाद वाहन परिचालन कम होने के कारण सेतु पर जाम नहीं लग रहा था, लेकिन छूट मिलते ही समस्या विकराल बनने लगी है। रविवार को सुबह सात बजे से सेतु जाम की गिरफ्त में चला गया।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पुलिस कर्मियों के प्रयास से शाम चार बजे के करीब कुछ देर के लिए परिचालन सामान्य हुआ, लेकिन सात बजते-बजते फिर से वाहनों की कतार लगने लगी। देर रात तक यही स्थिति रही। दो सप्ताह पहले सेतु पर वाहनो का दबाव तीन-चार हजार था लेकिन चार-पांच दिनों से वाहनों की संख्या चार गुणा तक बढ़ गई है। इस वजह से सेतु पर लोगों को भीषण जाम का सामना करना पड़ रहा है।

जिस तरह लॉकडाउन से पहले सेतु पर 15 से 20 घंटे तक जाम रहता था। फिर वैसी ही स्थिति अब दिखने लगी है। शनिवार रात बारह बजे से ही पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। हालांकि रविवार सुबह साढ़े दस बजे तक जाम कुछ ढीला हुआ तो वाहन निकलने लगे। फिर एक घंटे बाद स्थिति सुबह जैसी ही हो गई। सेतु पर जाम लगने से नवगछिया से जगदीशपुर और घोघा वाहनों की कतार लग गई।

नवगछिया की ओर ओवरलोड ट्रक के खराब होने के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हुई। क्रेन मंगवा कर ट्रक हटाया गया। इस दौरान वन-वे कर वाहनों का परिचालन कराया गया। लॉकडाउन से पूर्व जितने वाहनों का परिचालन होता था अब लगभग उतनी ही गाड़ियां चलने लगी हैं।

शनिवार रात तकरीबन 11 बजे नवगछिया की ओर परबत्ता के पास सेतु पहुंच पथ पर ओवरलोड ट्रक खराब हो गया। इस कारण नवगछिया से जगदीशपुर और घोघा तक वाहनों की कतारें लग गई। अनलोड करने के बाद ट्रक को क्रेन से खींचकर हटाने पर दोपहर तीन बजे के बाद परिचालन सामान्य हुआ।