भागलपुर : होमगार्ड बहाली के लिए शनिवार को रंगरा चौक प्रखंड के 808 अभ्यर्थियों ने मारवाड़ी कॉलेज स्टेडियम में दौड़ लगायी। ज्यादातर अभ्यर्थियों के प्रयास को भीषण धूप व उमस ने कड़ी परीक्षा ली। कुछ ही ऐसे अभ्यर्थी रहे जिन्होंने दौड़ पूरी की। ज्यादातर या तो पहले से लेकर दूसरे चक्कर में ही हांफ जा रहे थे और दौड़ की रेस बाहर हो जा रहे थे। तीन से चार ऐसे अभ्यर्थी रहे जो दौड़ के दौरान गिर गये। उनका मौके पर ही इलाज किया गया। पूरी प्रक्रिया में सिटी एसपी स्वर्ण प्रभात व एसपी नवगछिया सुशांत कुमार सरोज की कड़ी नजर थी। रंगरा चौक प्रखंड से कुल 2273 आवेदकों ने होमगार्ड भर्ती का आवेदन दिया था। जिनमें 808 अभ्यर्थी ही प्रक्रिया में शामिल हुए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जिला समादेष्टा त्रिलोक नाथ झा ने बताया कि होमगार्ड बहाली के तहत रंगरा चौक प्रखंड के सफल अभ्यर्थियों का परिणाम रविवार को संबंधित वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। दौड़ के दौरान जो अभ्यर्थी गिर गये थे, वे अब ठीक हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को इस्माईलपुर, खरीक प्रखंड व नवगछिया शहरी के अभ्यर्थियों के लिए होमगार्ड बहाली का आयोजन किया जाएगा।
106 सफल अभ्यर्थियों में से सात मेडिकल अनफिट
बीते दिनों हुई होमगार्ड बहाली के तहत गोपालपुर एवं बिहपुर प्रखंड के कुल 106 अभ्यर्थी सफल पाये गये थे। जिनमें से सात अभ्यर्थी मेडिकली अनफिट पाये गये। गोपालपुर प्रखंड के कुल 70 अभ्यर्थी सफल हुए थे, जिनमें चार अभ्यर्थी मेडिकली अनफिट हुए जबकि बिहपुर प्रखंड के 36 आवेदक सफल हुए थे, जिनमें तीन अभ्यर्थी मेडिकली अनफिट घोषित किये गये। बड़ी बात यह कि सातों अभ्यर्थियों में कलर ब्लाइंडनेस की बीमारी होने के कारण मेडिकली अनफिट हुए।

