भागलपुर : भारत-पाक मैच में हार्दिक के छक्के के साथ ही जश्न में डूबा भागलपुर
भागलपुर : भारत-पाक के हर मैच की तरह ही रविवार को दुबई में दोनों देशों के बीच हुआ क्रिकेट मैच नब्ज जमाने वाला साबित हुआ। आखिरी ओवर तक चले भारत-पाकिस्तान के मैच में दूसरी पारी में हार्दिक पांड्या ने जैसे ही विजयी छक्का लगाया, भागलपुर जिला जश्न में डूब गया। रविवार की रात करीब पौने 12 बजे से शहरियों ने आतिशबाजी करना शुरू किया जो कि आधी रात बीतने तक जारी हुआ।
आधी रात के वक्त शहर का आसमान का नजारा देखने लायक था। कहीं राकेट आसमान को सतरंगी कर रहे थे तो शहर का परबत्ती, मोजाहिदपुर, रेलवे स्टेशन के समीप स्थित सूजागंज, खलीफबाग व कोतवाली क्षेत्र में लोगों ने पटाखे छोड़ अपनी खुशी का इजहार किया।
भारत-पाकिस्तान के टी-20 के इस मैच को देखने के लिए शहर के कई मुहल्लों में प्रोजेक्टर लगाया गया था। इस दौरान भारत के हरेक चौके-छक्के पर टीवी व प्रोजेक्टर पर देख रहे लोग तालियां बजा रहे थे। मैच की दूसरी पारी के 17वें ओवर तक जब तीन ओवर में 32 रन की दरकार थी, उस समय तक दर्शकों की सांस थमी हुई थी।

इस वक्त तक पूरे शहर में सन्नाटा पसरा हुआ था। हर वक्त गुलजार रहने वाले रेलवे स्टेशन चौक पर भी अन्य दिनों की तुलना में लोगों की भीड़ कम ही थी। इस दौरान जो रेल यात्रा करने के लिए स्टेशन पर आये थे, वे भी अपने मोबाइल में स्कोर या फिर लाइव के जरिये मैच का आनंद ले रहे थे। जिनके पास ये सुविधा नहीं थी, वे दूसरों से स्कोर पूछ रहे थे।

