भागलपुर : प्रेमिका से फोन पर बात करने पर युवक को पंचायत में बुलाकर जमकर पिटाई
थानाक्षेत्र के कसमाबाद दियारा में एक युवक को अपने प्रेमिका के मोबाइल पर फोन कर बात करना महंगा पड़ गया। प्रेमिका से बात करने पर प्रेमी को पंचायत में बुलाकर जमकर पिटाई करने का मामला प्रकाश में आया। हालांकि पंचायत में शामिल जनप्रतिनिधियों ने इस मामले में कुछ भी कहने से पल्ला झाड़ लिया। पिटाई के कारण युवक को गंभीर चोट लगी है। जिसे बेहतर ईलाज के लिए मायागंज अस्पताल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार नाथनगर के बैरिया अजमेरीपुर निवासी कंपनी मंडल का पुत्र गुलशन कुमार की फुफेरी बहन का घर कसमाबाद गांव में है। युवक अक्सर बहन के घर आता जाता था। इसी दौरान पड़ोस के एक युवती से प्यार हो गया। तीन माह पूर्व ही युवती की शादी बरियारपुर के एक गांव में हो गई। इसके बाद भी युवक प्रेमिका से बात करते रहता था। शनिवार को युवती अपने मायके में थी कि उसके पति साथ में था। इसी दौरान प्रेमी ने प्रेमिका के मोबाइल पर फोन किया।
पति ने पत्नी से मोबाइल छीन लिया जिसके बाद पूरा मामला सामने आया। परिजनों ने महिला पर दबाब देकर युवक के मोबाइल पर फोन करवाया और पंचायत के नाम पर उसे कसमाबाद गांव बुलाया। जहां पूर्व से मौजूद पंचायत में ग्रामीणों ने युवक के आते ही जमकर धुनाई कर दी। पिटाई से युवक बेहोश हो गया। युवक के परिजनों ने को घटना की सूचना अकबरनगर पुलिस को दी। पुलिस ने ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर इलाज के लिए रेफरल अस्पताल ले गयी। वहां से उसे मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

इस संबंध में थानाप्रभारी प्रियरंजन कुमार ने बताया कि पीड़ित गुलशन के बयान पर सात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। जबकि पुलिस ने पंचायत के दौरान मारपीट घटना की पुष्टि नहीं की है। पुलिस आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

