भागलपुर के यात्रीगण धयान दे : 9 से 19 जून तक 3 जोड़ी ट्रेन रद, 7 जोड़ी गाड़ियों का मार्ग बदला
भागलपुर : दानापुर में रूट रिले इंटरलॉकिंग (आरआरआइ) काम का सीधा असर भागलपुर से पटना, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और गुजरात जाने वाली ट्रेनों पर पड़ेगा। आरआरआइ काम की वजह से रेलवे ने नौ से 19 जून तक तीन जोड़ी ट्रेनों को रद किया है। वहीं, सात जोड़ी गाड़ियों का मार्ग बदल दिया गया है। इस अवधि तक पटना या इससे आगे चार इंटरसिटी, बांका इंटरसिटी, विक्रमशिला और फरक्का एक्सप्रेस ही जाएंगी। वहीं, भागलपुर से पटना होकर चलने वाली 14 महत्वपूर्ण ट्रेनें किऊल-गया-पंडित दीनदयाल उपाध्याय के रास्ते अप-डाउन करेंगी।
दरअसल, भागलपुर से लंबी दूरी जाने वाली ट्रेनों का परिचालन किऊल-मोकामा-पटना होकर होता है। इधर, दस दिनों तक ट्रेनें रद और रूट बदल दिए जाने से मोकामा, बख्तियारपुर, पटना साहिब पटना, आरा और बक्सर जाने वाले यात्रियों को दोहरी मार ङोलनी पड़ेगी। जिन ट्रेनों का रूट बदला गया है, उस रूट से सफर करने वाले यात्रियों ने महीने पहले आरक्षण कराया है। ऐसे में यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

पटना से अप-डाउन करेगी इंटरसिटी
रूट रिले इंटरलॉकिंग काम की वजह से भागलपुर से दानापुर के बीच चलने वाली 13401 अप और 13402 डाउन भागलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस नौ जून से 19 तक दानापुर की जगह पटना से ही अप-डाउन करेगी। बांका इंटरसिटी राजेन्द्र नगर टर्मिनल तक जाएगी।

गरीब रथ का नहीं बदला मार्ग :भागलपुर से आनंद विहार टर्मिनल के बीच सप्ताह में तीन दिन चलने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस का मार्ग नहीं बदला गया है। गरीब रथ एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग जमालपुर-किऊल-पटना के रास्ते चलेगी।

