बृजेश ठाकुर को जेल में डालने वाली SSP का हुआ तबादला, बिफरे तेजस्वी

भागलपुर / पटना

बिहार सरकार ने शनिवार को सात आईपीएस का तबादला किया. इसमें मुजफ्फरपुर के एसएसपी हरप्रीत कौर भी शामिल हैं. उन्‍हें अब समस्तीपुर का एसपी बनाया गया है. हरप्रीत कौर वही अधिकारी हैं जिन्होंने बीते मई महीने में मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड में कार्रवाई करते हुए इसके संचालक बृजेश ठाकुर को सलाखों के पीछे पहुंचाया.

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

हरप्रीत कौर के तबादले को लेकर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव काफी आक्रोशित हैं. तेजस्वी ने ट्वीट कर आरोप लगाया कि नीतीश कुमार के चहेते बृजेश ठाकुर को हरप्रीत कौर ने जेल में डाल दिया था, इसलिए उनका तबादला हुआ है

एक अन्‍य ट्वीट में तेजस्‍वी ने दावा किया कि बृजेश ठाकुर के गिरफ्तारी के बाद ही मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने हरप्रीत कौर पर कार्रवाई करने का मन बना लिया था लेकिन उस वक्त इस केस पर सबकी नजरें थी इसलिए कोई निर्णय नहीं लिया.

तेजस्वी ने इशारों में यह भी आरोप लगाया कि हरप्रीत कौर ने आरसीपी टैक्स नहीं दिया, इस वजह से उनका तबादला समस्तीपुर कर दिया गया है. यहां बता दें कि आरसीपी का मतलब रामचंद्र प्रसाद सिंह से है, जो नीतीश कुमार के बेहद करीबी और जदयू के राज्यसभा सांसद हैं. तेजस्वी लगातार यह आरोप लगाते रहते हैं कि जो भी व्यक्ति आरसीपी टैक्स नहीं देता है, उसको नीतीश कुमार फुटबॉल बना देते हैं. बता दें कि शनिवार को बिहार सरकार ने मुजफ्फरपुर एसएसपी हरप्रीत कौर समेत 7 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है.

 

लिस्ट इस प्रकार है:

-गरिमा मलिक को बिहार मिलिट्री पुलिस -10 के कमांडेंट के पद से तबादला कर दरभंगा के एसएसपी बनाया गया है.

– दरभंगा के एसएसपी मनोज कुमार को मुजफ्फरपुर के एसएसपी बनाया गया है.

– मुजफ्फरपुर एसएसपी हरप्रीत कौर को समस्तीपुर का एसपी बनाया गया है.

– बेगूसराय एसपी आदित्य कुमार को भोजपुर एसपी बनाया गया है.

– भोजपुर एसपी अवकाश कुमार को बेगूसराय का एसपी बनाया गया है.

– समस्तीपुर एसपी दीपक रंजन को बिहार मिलिट्री पुलिस – 10 का कमांडेंट बनाया गया है.