नवगछिया : 5 लाख रुपए रंगदारी नहीं देने पर कुख्यात ने किसान को गांव से भगाया

Crime Reoprts

कोसी दियारा का कुख्यात सिंटू यादव और उसके साथियों ने एक किसान से पांच लाख की रंगदारी मांगी। इनकार करने पर उसने किसान को परिवार सहित गांव से भगा दिया। घटना 4 नवंबर की बताई जा रही है। घटना के तीन दिन बाद रविवार की शाम चोरी-छिपे किसान खरीक थाना पहुंचा और चार नामजद सहित पांच के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पीड़ित किसान तुलसीपुर निवासी अमित कुमार राय ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि मेरी जमीन नया टोला भवनपुरा में रेलवे लाइन के पास है। इस जमीन पर मैंने इसी वर्ष जनवरी में घर बनाया था और अब वहीं रहता हूं। तीन नवंबर को कुख्यात सिंटू यादव पत्नी के मोबाइल पर फोन कर कहा कि पति से बात कराओ।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

किन्तु, मैं उस समय घर में नहीं था। घर आया तो पत्नी ने कहा कि सिंटू नामक व्यक्ति ने फोन किया था। आपको बात करने के लिए बोला है। जब मैंने उसे फोन लगाया तो उसने पांच लाख रुपए रंगदारी मांगी। कहा, नहीं दोगे तो पूरे परिवार की हत्या कर दूंगा। 4 नवंबर को वह नया टोला भवनपुरा निवासी कुख्यात चंदन यादव, गौरव यादव, अंभो निवासी राहुल मंडल व एक अन्य व्यक्ति के साथ घर पर आया और कहा कि पांच लाख रुपए क्यों नहीं पहुंचाया। रंगदारी दो या घर छोड़कर भाग जाओ। इसके बाद हम डर से उसी रात परिवार सहित तुलसीपुर पुराने घर में आ गया। थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। शीघ्र ही वे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

सभी आरोपियों का रहा है पुराना आपराधिक रिकार्ड

सभी आरोपियों का लंबा आपराधिक रिकार्ड है। इनका मुख्य पेशा किसानों से रंगदारी वसूलना, नहीं देने पर मारपीट व गोलीबारी करना है। इसमें कुख्यात सिंटू यादव और गौरव कुमार को पुलिस कई मामलों में तलाश कर रही है। लेकिन दोनों अब तक पुलिस की पकड़ से दूर हैं। और लगातार छोटी-बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इससे किसानों सहित इलाके के लोगों में दहशत है। कुख्यात सिंटू यादव का आतंक कोसी इलाके में इस तरह सिर चढ़कर बोलता है कि इसके खिलाफ कोई मुंह खोलने को तैयार नहीं है।

हत्या मामले में आठ साल की सजा काटकर छूटा है चंदन

चंदन यादव भवनपुरा के मुखिया विनीत कुमार सिंह उर्फ बंटी सिंह को गोली मारने के आरोप में जेल में बंद था। चार माह पहले ही वह आठ साल की सजा काटकर जेल से बाहर आया है। इसके बाद वह आपराधिक वारदातों को अंजाम देने का प्रयास कर रहा है। इससे कोसी इलाके के लोगों में दहशत है। इसका भी मुख्य पेशा किसानों से रंगदारी मांगना है। नहीं देने पर किसानों की जमीन पर कब्जा कर लेता है।