NAUGACHIA NEWS

THE SOUL OF CITY

नवगछिया : देर रात छापेमारी में 897.15 लीटर विदेशी शराब के साथ एक ट्रक बरामद

नवगछिया : पुलिस ने शराबबंदी अभियान के तहत एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। आगामी विधानसभा चुनाव 2025 और दुर्गा पूजा पर्व को देखते हुए जिले में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में शनिवार की देर रात झंडापुर थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में पुलिस को 897.15 लीटर विदेशी शराब के साथ एक ट्रक और मोबाइल बरामद करने में सफलता मिली। वहीं मौके पर वाहन चालक को भी गिरफ्तार किया गया। जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, कि हसनपुर से भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप नवगछिया होकर गुजरने वाली है।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

इसी सूचना के आधार पर झंडापुर थाना टीम ने एनएच 31 महंत स्थान चौक के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में ट्रक के अंदर बने गुप्त बॉक्स में कुल 96 कार्टन विदेशी शराब छुपाकर रखी गई थी। पुलिस ने मौके पर ही शराब जब्त कर ली और चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चालक की पहचान समस्तीपुर जिला के हसनपुर थाना अंतर्गत बरगांव निवासी उदय कुमार यादव के रूप में की गई है।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी चालक ने अपना अपराध स्वीकार किया और यह भी खुलासा किया कि ट्रक मालिक के निर्देश पर यह शराब हसनपुर से खगड़िया पहुंचाई जा रही थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विधानसभा चुनाव और दुर्गा पूजा को लेकर जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। झंडापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बरामद शराब को थाने में सुरक्षित रखा गया है और ट्रक मालिक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

चोर चोर चोर.. कॉपी कर रहा है