नवगछिया। गोपालपुर थाना क्षेत्र के सिघिंया मकंदपुर निवासी एक युवक साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठगों ने उसके एसबीआई खाते से 76 हजार रुपये उड़ा लिए। मामले में पीड़ित ने नवगछिया साइबर थाने में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसके मोबाइल फोन में स्क्रीन से जुड़ी समस्या आ रही थी। इसी परेशानी को दूर कराने के लिए उसने इंटरनेट से मिले एक कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क किया। कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताया और भरोसे में लेकर युवक को एक लिंक भेजा।
बताया गया कि लिंक खोलकर जरूरी जानकारी साझा करने को कहा गया। युवक ने जैसे ही लिंक को ओपन किया, उसका मोबाइल हैक हो गया। इसके कुछ ही देर बाद उसके एसबीआई बैंक खाते से 76 हजार रुपये की निकासी हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक, ऐप या स्क्रीन शेयरिंग रिक्वेस्ट पर भरोसा न करें। किसी भी समस्या के समाधान के लिए केवल कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत सर्विस सेंटर से ही संपर्क करें।
