बगजान बांध पर अपने दोस्तों के साथ टहल रहे एक युवक का पैर अचानक फिसल गया और वह कोसी नदी के गहरे पानी डूब गया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे की है। युवक की पहचान औलियाबाद वार्ड 9 निवासी स्व. सालो सिंह के पुत्र छोटू सिंह (18) के रूप में की गई। युवक के नदी में डूबने के बाद उसके दोस्तों ने इसकी सूचना परिजनों को दी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सूचना पर परिजन समेत काफी संख्या में ग्रामीण बगजान बांध पर पहुंचे। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों ने नदी में युवक की तलाश शुरू की। गोताखोरों के अथक प्रयास से पांच घंटे बाद नदी से छोटू का शव निकाला गया। इसके बाद मौके पर मौजूद नदी थानाध्यक्ष महताब खान ने कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भिजवाया।


इधर, बेटे का शव देखते ही मां द्रौपदी देवी के चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। वह रो-रोकर कह रही थी कि पति की मृत्यु के बाद अब बेटा भी छोड़कर चला गया। अब मैं किसके सहारे जिंदगी गुजारूंगी। छोटू अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

मुखिया नूतन मिश्र ने घटना की सूचना बिहपुर सीओ रतनलाल को देकर पीड़ित परिवार को मुआवजे दिलाने के लिए गुहार लगाई है। वहीं बिहपुर मतस्य सहयोग समिति सह टीएमबीयू के सिनेट सदस्य पप्पू सिंह निषाद ने भी डीएम और एसडीओ को घटना की सूचना दी है।
