नवगछिया : देश में खुशहाली लेकर आएंगी मां, हाथी पर आएंगी और हाथी पर से ही विदा
नवगछिया : मां दुर्गा इस नवरात्र देश में खुशहाली लेकर आएंगी। मां का आना भी शुभ है और जाना भी शुभ माना जा रहा है। मां दुर्गा हाथी पर आएंगी और हाथी पर से ही विदा होंगी। इस बार दस दिनों की पूजा-अर्चना होगी। नवरात्र 26 सितंबर से शुरू होकर पांच अक्टूबर को समाप्त होगा। ज्योतिश्चार्य दयानंद पाण्डेय ने बताया कि 26 सितंबर को कलश स्थापना के साथ नवरात्र की शुरुआत हो जाएगी। इस दिन श्रद्धालु मां दुर्गा के शैलपुत्री स्वरूप की पूजा-अर्चना करेंगे। मिथिला पंचांग के अनुसार मां दुर्गा हाथी पर आयेंगी और विदा भी हाथी पर ही होंगी। उनके कदम से देश में खुशहाली आयेगी। अधिक वर्षा होने से किसानों को लाभ पहुंचेगा। देश में सुख-समृद्धि बढ़ेगी।
दस दिनों तक होगी मां दुर्गा की पूजा
जगन्नाथ मंदिर के पंडित अजीत पाण्डेय ने बताया कि इस नवरात्र में दस दिनों तक मां दुर्गा की पूजा-अर्चना होगी। 26 सितंबर को पहली पूजा है और विजयादशमी पांच अक्टूबर को है। एक अक्टूबर को छठी पूजा के दिन मां को बेल गाछ के पास आमंत्रण दिया जायेगा। दो अक्टूबर सातवीं पूजा के दिन ही निशापूजा होगी। उन्होंने बताया कि अष्टमी का व्रत तीन अक्टूबर को, महानवमी चार अक्टूबर को व विजयादशमी पांच अक्टूबर को है।
शहरी क्षेत्रों में 4 जगहों पर स्थापित होंगी मां दुर्गा की प्रतिमाएं
दुर्गापूजा महासमिति भी दुर्गापूजा की तैयारी में जुट गया है। अध्यक्ष ने बताया कि इस बार भव्य रूप से दुर्गा पूजा होगी। शहरी क्षेत्रों में 4 जगहों पर प्रतिमाएं स्थापित होंगी। विषहरी पूजा के बाद दुर्गा पूजा को लेकर बैठक शुरू हो जाएगी। जहां-जहां प्रतिमाएं स्थापित होती हैं वहां की समस्याओं को भी एकत्रित कर प्रशासन से उसे दूर करने का प्रयास किया जायेगा।


