नवगछिया । अनियंत्रित हाईवा ने मंगलवार की सुबह लगभग साढ़े आठ बजे पुलिस से भरी गाड़ी में टक्कर मार दी जिससे एक पुलिस पदाधिकारी की मौत हो गयी। जबकि चार अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना परबत्ता थाना के टेक्नो मिशन स्कूल के पास विक्रमशिला सेतु पहुंच पथ पर घटी। पुलिस जवानों से भरी गाड़ी भागलपुर से आ रही थी। हाईवा ने इतनी जबरदस्त टक्कर मारी कि पुलिस गाड़ी के चिथड़े उड़ गए। दुर्घटना में सीतामढ़ी जिला बल के सहायक अवर निरीक्षक सतीश सिंह की मौके पर मौत हो गयी। घटना के बाद परबत्ता पुलिस ने गाड़ी में फंसे सहायक अवर निरीक्षक और घायल जवानों को निकालकर प्राथमिक चिकित्सा के लिए मायागंज अस्पताल भागलपुर पहुंचाया। जहां उनका इलाज चल रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार कुख्यात मुकेश पाठक को सीतामढ़ी से भागलपुर सेंट्रल जेल पहुंचाकर सभी जवान अपने पदाधिकारी के साथ वापस सीतामढ़ी जा रहे थे। इसी दौरान जाह्नवी चौक के आगे टेक्नो मिशन के पास घटना घट गयी। दुर्घटना में मरने वाले जमादार सतीश सिंह सीतामढ़ी जिले में पदस्थापित थे। जख्मी जवान भी सीतामढ़ी जिला पुलिस के जवान हैं। घायलों ने बताया कि कुख्यात अपराधी मुकेश पाठक को सीतामढ़ी से भागलपुर सेंट्रल जेल शिफ्ट किया गया है। सभी पुलिस वाले मुकेश पाठक को भागलपुर स्थित सेंट्रल जेल में पहुंचाने के बाद लौट रहे थे कि रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। मंगलवार की शाम में जमादार सतीश सिंह के शव का पोस्टमार्टम भागलपुर में कराया गया।
जख्मी जवानों की भी पहचान हो गई है। उनमें सीतामढ़ी पुलिस बल के जवान चंदन पासवान, जयराम तिवारी, बादल राज और होमगार्ड जवान सह चालक विजय कुमार सिंह शामिल हैं। घायल जवान चंदन पासवान भागलपुर जिले के अकबरनगर थाना क्षेत्र का रहने वाले हैं। स्थानीय पुलिस प्रशासन ने दुर्घटना की जानकारी सीतामढ़ी पुलिस को दी है। दुर्घटना के बाद मायागंज अस्पताल में पुलिसकर्मियों की भीड़ जमा हो गयी है। परबत्ता थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद हाईवा को जब्त किया गया है। घायलों को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल भागलपुर भेजा गया है। इस संबंध में इस्माईलपुर थाना में हाईवा चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने की प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।

