नवगछिया : शांतिकुंज हरिद्वार से आए प्रतिनिधि सुजीत कुमार के नेतृत्व में निकली ज्योति कलश रथयात्रा का नवगछिया अनुमंडल क्षेत्र में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। रथयात्रा के आगमन से पूरे इलाके में भक्तिमय वातावरण बन गया।
बताया गया कि इस रथयात्रा का उद्देश्य गायत्री परिवार के संस्थापक वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पंडित श्री राम शर्मा आचार्य के आध्यात्मिक जन्म शताब्दी वर्ष, माता भगवती देवी शर्मा के जन्म शताब्दी वर्ष तथा अखंड ज्योति प्राकट्य वर्ष के उपलक्ष्य में जन-जागरण करना है।रंगरा स्थित गायत्री मंदिर में इस अवसर पर दीपयज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं एवं पुरुषों ने भाग लिया। हजारों दीयों की रोशनी से पूरा परिसर आलोकित हो उठा और वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।
इससे पूर्व मकंदपुर चौक पर भी रथयात्रा का भव्य स्वागत किया गया। नवगछिया से बनिया, मुरली, चंद्रखड़ा, मदरौनी, चापर, साधुआ, चापर दियारा होते हुए रथयात्रा रंगरा पहुंची, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
कार्यक्रम में सुभाष मोदी, लक्ष्मी देवी, मनीष कुमार, संतलाल पंडित, योगेंद्र, मुकेश, अनुभा देवी, गीता देवी सहित सैकड़ों श्रद्धालु दीपयज्ञ में शामिल हुए।













