नारायणपुर : भवानीपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर बाजार के चूड़ी पट्टी गली में एक लड़की से बाइक सवार युवकों ने छेड़छाड़ की। लड़की के भाई ने विरोध किया तो दोनों को मारपीट कर सिर फोड़ दिया। दुकानदारों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल भाई व बहन को इलाज के अस्पताल भेजा। लड़की अपने भाई के साथ बाजार करने आई थी। ओपी प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि भाई के आवेदन पर बलाहा गांव के पांच युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिसमें मुकेश सिंह, रंजीत यादव, शंकर यादव, अंगराज यादव और शुभम यादव शामिल हैं।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

गोलीबारी मामले में 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

नारायणपुर : भवानीपुर थाना क्षेत्र के बलाहा गांव में दो पक्षों में हुई गोलीबारी मामले में भवानीपुर ओपी में प्राथमिकी दर्ज की गई है। ओपी प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि नरेश यादव व महान्द यादव के बीच गोलीबारी हुई थी। एक पक्ष के नरेश यादव ने महान्द यादव, शुभम यादव, रामजी यादव, अंगराज यादव सहित पांच लोगों को नामजद किया है। दूसरे पक्ष से बुलबुल देवी ने नरेश यादव, रणवीर यादव, दीपक यादव, लालो यादव सहित सात लोगों के खिलाफ आवेदन दिया है।

खैरपुर में दबंगों ने घर में घुसकर की मारपीट और लूटपाट

खरीक : थाना क्षेत्र के खैरपुर गांव में दबंगों ने रंजन यादव के घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट की। साथ ही परिवार के साथ गलत नीयत से छेड़छाड़ की। घटना में रंजन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए खरीक पीएचसी लाया गया। वहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मायागंज रेफर कर दिया। मामले को लेकर थाने में आवेदन दिया है, जिसमें गांव के ही कैलाश यादव, सुनील यादव एवं दीनी यादव को आरोपित किया है। घर से 19 हजार रुपये नकदी, पांच भरी चांदी और अठन्नी भर सोने का जेवर लूटने का आरोप है। थानाध्यक्ष हरिशंकर प्रसाद कश्यप ने बताया कि घटना की प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

झंडापुर से एक जुआरी गिरफ्तार

बिहपुर : झंडापुर ओपी पुलिस ने रविवार को मड़वा एवं झंडापुर में जुआरियों के अड्डे पर छापेमारी की। झंडापुर में यादव टोला से एक जुआरी को दबोचा गया। ओपी प्रभारी पंकज कुमार ने बताया की गिरफ्तार जुआरी प्रवीण चौधरी है। एसआइ अजय कुमार मिश्र ने बताया कि जुआ खेलने वाले पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें शेख टोला के शेख शमशाद, शेख नौशाद, चौधरी टोला के सौरभ चौधरी, मतवाला चौधरी एवं यादव टोला के कुमोद यादव शामिल हैं।

शराब बरामदगी मामले में विक्रमपुर से एक आरोपित गिरफ्तार

बिहपुर : बिहपुर पुलिस ने विक्रमपुर निवासी सन्नी कुमार को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि शुक्रवार की रात सोनवर्षा में सड़क पर टाटा मैजिक गाड़ी से शराब की खेप उतारी जा रही थी। पुलिस को देखते ही वहां खड़े लोग भागने लगे, जिनमें से एक युवक सुमन कुंवर को पुलिस ने दबोच लिया था। साथ ही गाड़ी से बीस बोतल अंग्रेजी शराब बरामद किया था। सुमन की निशानदेही पर विक्रमपुर में सन्नी कुमार के घर पर भी छापेमारी की गई, जहां से भी बीस बोतल शराब की बरामदगी हुई थी, उस वक्त सन्नी भाग निकला था, जिसे सोमवार को दबोच लिया गया।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Verified by MonsterInsights