बिहपुर । प्रखंड अंतर्गत बिहपुर मध्य पंचायत के बिक्रमपुर गांव के वार्ड नंबर 9 में सोमवार की दोपहर लगभग 12 बजे भीषण अगलगी में पांच से अधिक घर जलकर राख हो गये। आग लगते ही पूरे टोले समेत गांव में कोहराम मच गया। ग्रामीण सरोज कुमार ने घटना की जानकारी थाना व सीओ को दी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार अगलगी में रामकुमार यादव, गजेन्द्र यादव, रामविलास यादव, महेंद्र यादव, सुशील यादव, नवीन यादव के घर समेत घर में रखा अनाज, कपड़ा, चौकी, नकद रुपया, बाइक, भूसा, गेहूं, एक बकरी समेत सभी सामान जलकर राख हो गया। दूसरी ओर प्रखंड अंतर्गत लत्तीपुर चौक पर रविवार की रात लगभग एक बजे अचानक से आग लग जाने से दर्जनों दुकानें जलकर राख हो गयीं। जिनमें दो बकरी की झुलसने से मौत हो गई और एक गाय झुलसकर मरणासन्न स्थिति में है।
मिली जानकारी के अनुसार संजय कुमार, कुंदन कुमार, जगदंबी मंडल, संजय शर्मा, अरुण कुमार मंडल, गुलशन मंडल, प्रमोद मंडल, सिकंदर सिंह, श्रवण मंडल के मंडी सहित मंडी में रखे अदरक, लहसुन, शिमला मिर्च, कदीमा, गाजर, टमाटर, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, जुगाड़ गाड़ी, गुमटी समेत सैलून सब जलकर राख हो गये। आग लगने की सूचना संजय कुमार ने थाने को दी। आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया है। इसी बीच मौके पर पहुंची दमकल से जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक आग ने सबकुछ तबाह कर दिया था।














