नवगछिया/भागलपुर : विक्रमशिला सेतु पर बुधवार शाम एक गैस लॉरी ने साइकिल सवार मजदूर को रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन राहगीरों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल टीओपी थानेदार सह इंस्पेक्टर विशेष कुमार मौके पर पहुंचे। इस दौरान पुल पर जाम की स्थिति हो गई थी। वन-वे कर वाहनों को आगे बढ़ाया जा रहा था। पुलिस ने शव को जरूरी प्रक्रिया के बाद मायागंज अस्पताल भेज दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मृतक की पहचान नवगछिया के इस्माईलपुर थाना इलाके के केलाबाड़ी निवासी नीतीश कुमार के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर वापस अपने घर लौट रहा था। परिजनों ने बताया कि हर दिन वह मजदूरी करने भागलपुर जाता था। उन्होंने बताया कि नीतीश की शादी 2018 में छोटी परबत्ता की रूचि के साथ हुआ था। उसे एक चार साल की बेटी और एक गोद में बेटा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पत्नी समेत अन्य परिजन मायागंज अस्पताल पहुंचे। जहां पत्नी की चीत्कार से अस्पताल गूंज रहा था। छोटे-छोटे बच्चों को देख आसपास के लोगों की आंखे भी भर आई। घर में वह एकलौता कमाने वाला था।
प्रत्यक्षदर्शी एक वाहन चालक ने बताया कि नीतीश भागलपुर की तरफ से नवगछिया की ओर साइकिल से जा रहा था। इसी दौरान समान दिशा से एक गैस लॉरी तेजी से नवगछिया की तरफ जा रही थी। लॉरी चालक ने नीतीश के चालक को ओवरटेक कर आगे बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन सामने से एक वाहन आ जाने के कारण लॉरी के थोड़ा साइड लेते ही नीतीश को लॉरी ने कुचल दिया। इस कारण नीतीश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुल पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

कई वाहन चालकों ने अपने वाहनों को रोक दिया। इस कारण पुल के दोनों छोर पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कुछ देर के लिए ट्रैफिक जाम की स्थिति हो गई, लेकिन टीओपी इंस्पेक्टर अपने जवानों के साथ पुल पर पहुंचे, इसके बाद बीच पुल पर एक लाइन में खड़े होकर वाहनों का वन-वे परिचालन शुरू कराया। तब धीरे-धीरे वाहन आगे बढ़े। पुलिस ने लॉरी को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। टीओपी थानेदार ने बताया कि शव की पहचान मोबाइल के आधार पर हो गई है। जरूरी कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
