लेन-देन व अवैध संबंध में युवक मो जमशेर की हत्या ” आरोपी महिला को पुलिस ने किया गिरफ्तार

गोपालपुर : गोपालपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर मुस्लिम टोला के मोहम्मद जमशेर की संदेहास्पद परिस्थिति में मौत हो जाने का मामला प्रकाश में आया है. इस बाबत मृतक के परिजनों ने गोपालपुर थाने में मालपुर गांव की मीरा देवी व उसके पुत्र को आरोपी बनाते हुए जहर खिलाकर हत्या कर देने का आरोप लगाते हुए गोपालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला मीरा देवी को गिरफ्तार कर लिया है. दूसरी ओर गोपालपुर पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम नवगछिया अनुमंडल मैं करवा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है. इसी मामले में एक अन्य आरोपी मीरा देवी के पुत्र सुनील कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. घटना का कारण प्रेम प्रसंग व व्यापारिक लेन देन बताया जा रहा है. परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को जमशेर अपनी कथित प्रेमिका व व्यापारिक साझीदार मीरा देवी के घर मालपुर गाँव गया था. परिजनों ने बताया कि मीरा देवी ने उसे भोजन में जहरीला पदार्थ खिला दिया. जिस कारण उसकी मौत हो गई और शव को बगीचे में रख दिया गया. मृतक के परिजनों के अनुसार जमशेर का मीरा देवी के यहाँ अपना बकाया रुपया जो कि लगभग तीन लाख से अधिक है माँगने गया था. रुपया नहीं देने की मंशा से मीरा देवी ने मो जमशेर की जहर खिलाकर हत्या कर रास्ते से हटा दिया. मिली जानकारी के अनुसार मृतक मीरा देवी के साथ लहसुन आदि का व्यापार बड़े पैमाने पर पिछले कई वर्षों से किया करता था. कहा जा रहा है कि मीरा देवी का चाल -चलन ठीक नहीं है, तथा उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है. मृतक के परिजन मो फरमूद ने गोपालपुर थाना में मीरा देवी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करवाई है. गोपालपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर मीरा देवी को हिरासत में ले लिया है. हिरासत में लेकर पुलिस मीरा देवी से कड़ी पूछताछ कर रही है. पुलिस सूत्रों के अनुसार मीरा देवी ने पुलिस को अहम जानकारी दी है. मृतका का पुत्र सुनील कुमार घटना के ततकाल बाद कहलगाँव फरार हो गया है. वहीं मालपुर के ग्रामीणों ने बताया कि नवगछिया अस्पताल ले जाने के दौरान मालपुर बगीचे में ही उसकी मृत्यु हो गई. गोपालपुर थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव ने कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है. जल्द ही अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस मामले की छानबीन शुरु कर चुकी है.

