भागलपुर में किशनपुर बायपास मोड़ के पास एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने नाथनगर प्रखंड के कृषि समन्वयक को कुचल दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसा मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के किशनपुर बायपास मोड़ के पास मंगलवार दोपहर को हुआ।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बताया जाता है कि नाथनगर प्रखंड के कृषि समन्वयक प्रमोद कुमार रजक (46वर्ष) कहीं ऑफिशियल काम से जा रहे थे। उसी दौरान ट्रैक्टर ने उन्हें कुचल दिया। स्थानीय ग्रामीणों को जैसे घटना की जानकारी मिली बड़ी संख्या में किशनपुर के ग्रामीण उसे बचाने दौड़े लेकिन उसका सिर पूरी तरह कुचले अवस्था में था। प्रमोद की बाइक और हेलमेट बायपास किनारे में क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ी थी।

वहीं घटना को अंजाम देकर भाग रहे ट्रैक्टर चालक को ग्रामीणों ने खदेड़ कर पकड़ लिया और जमकर उसकी धुनाई कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही मधुसूदनपुर एसएचओ मो नसीम खान दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों व चौकीदार के सहयोग से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही आरोपी ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर उसके ट्रैक्टर को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले पर एसएचओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ट्रैक्टर चालक की पहचान पूर्णिया जिले के रुपौली थाना क्षेत्र के बिरोली बाजार निवासी मो रकीब के रूप में की गई है। परिजनों के बयान पर मामला दर्ज किया जाएगा।

