नवगछिया। भवानीपुर चौक स्थित तीन दुकानों का ताला तोड़कर चोरों ने हजारों रुपये के सामान की चोरी कर ली। घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। चोरी की इस वारदात के बाद आक्रोशित दुकानदारों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पीड़ित दुकानदारों में निरंजन यादव, शिवनंदन यादव और मुकेश पासवान शामिल हैं। बताया गया कि तीनों दुकानदार रोज की तरह शनिवार रात अपनी-अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो ताला टूटा हुआ मिला और अंदर रखा सामान गायब था।
पीड़ित निरंजन यादव ने बताया कि उनकी दुकान से करीब 15 लीटर डीजल, चावल-दाल समेत लगभग 10 हजार रुपये के सामान की चोरी हुई है। वहीं शिवनंदन यादव की पान दुकान से करीब एक हजार रुपये और मुकेश पासवान की पान दुकान से करीब छह हजार रुपये के सामान पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया।

घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस की रात्रि गश्ती नहीं होने के कारण क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। लोगों का कहना है कि इससे पहले भी इलाके में चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अब तक एक भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है।
दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।
इधर, नवगछिया थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह ने बताया कि घटना को गंभीरता से लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
