खेलने गया अंशु कुमार घर नहीं लौटा, पुलिस से लगाई गुहार
नवगछिया। भवानीपुर थाना क्षेत्र के सतियारा गांव से एक 13 वर्षीय बच्चा रहस्यमय ढंग से लापता हो गया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। काफी खोजबीन के बावजूद बच्चे का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!लापता बच्चे की पहचान अंशु कुमार (13), पिता प्रमोद साह, निवासी सतियारा, पोस्ट भ्रमरपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि 31 मार्च 2026, मंगलवार की शाम करीब 5 बजे अंशु गांव के चकरामी (सतियारा) स्थित खेल मैदान में खेलने गया था।
परिजनों के अनुसार, अंशु के साथ खेलने गए अन्य बच्चे कुछ देर बाद अपने-अपने घर लौट आए, लेकिन अंशु वापस घर नहीं पहुंचा। जब देर रात तक वह घर नहीं लौटा, तो परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई और उसकी तलाश शुरू की गई।

अंशु की मां पूनम देवी (45) ने बताया कि उन्होंने अपने स्तर पर रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन बेटे का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद उन्होंने भवानीपुर थाना में आवेदन देकर बच्चे की जल्द से जल्द बरामदगी की गुहार लगाई है।
पूनम देवी ने पुलिस से अपील की है कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके बेटे की खोज की जाए। इधर, घटना के बाद गांव और परिजनों के बीच चिंता और बेचैनी का माहौल बना हुआ है।
