गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी और तेज धारा में बह गए थे दोनों
नवगछिया। नवगछिया के महादेवपुर घाट पर 1 अप्रैल को गंगा स्नान के दौरान डूबे दो युवकों के शव दो दिन बाद शुक्रवार को बरामद कर लिए गए। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मृतकों की पहचान अररिया जिले के भरगामा निवासी 30 वर्षीय ललन कुमार मंडल और सहरसा जिले के बैद्यनाथपुर निवासी 15 वर्षीय प्रेम राज के रूप में हुई है। बताया गया कि ललन कुमार मंडल पेशे से ड्राइवर थे और अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजन प्रोफेसर इंदु कुमार सिंहा ने बताया कि ललन कुमार मंडल नरपतगंज के पूर्व विधायक अनिल कुमार यादव के परिवार के साथ महादेवपुर घाट आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गंगा स्नान के दौरान दोनों युवक गहरे पानी में चले गए और तेज धारा में बह गए। घाट पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। परबत्ता थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि दोनों युवकों की तलाश में दो दिनों तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया। शुक्रवार को एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को बरामद कर लिया गया।
बरामद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
इधर, इस घटना के बाद घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जिला अध्यक्ष विपिन कुमार मंडल ने कहा कि महादेवपुर घाट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिसके कारण इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से घाट पर स्थायी गोताखोरों की तैनाती, चेतावनी बोर्ड लगाने और स्नान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
