भव्य निशान शोभा यात्रा, विशाल भजन संध्या और लड्डू गोपाल फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता होंगे मुख्य आकर्षण
नवगछिया: हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सांवरिया सरकार नवगछिया की ओर से दो दिवसीय श्री श्याम संकीर्तन वार्षिक महोत्सव का आयोजन आगामी 4 एवं 5 अप्रैल को स्थानीय घाट ठाकुरवाड़ी, नवगछिया में किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्याम भक्तों में अभी से उत्साह का माहौल है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!महोत्सव के प्रथम दिन 4 अप्रैल को सुबह 8:00 बजे से मारवाड़ी विवाह भवन से भव्य निशान शोभा यात्रा निकाली जाएगी। यह शोभा यात्रा गाजे-बाजे, भक्ति संगीत एवं मनमोहक नृत्य-नाटिका के साथ नगर भ्रमण करते हुए घाट ठाकुरवाड़ी पहुंचेगी। यात्रा के दौरान भक्तिमय माहौल पूरे शहर को श्याममय बना देगा।
वहीं 5 अप्रैल को प्रातः 10:00 बजे से घाट ठाकुरवाड़ी में लड्डू गोपाल फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन होगा, जिसमें छोटे-छोटे बच्चे लड्डू गोपाल के स्वरूप में अपनी प्रस्तुति देंगे।

इसके अलावा 4 एवं 5 अप्रैल को प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे से विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सुप्रसिद्ध भजन गायक पंकज अग्रवाल (कोलकाता), हर्ष तनेजा (भिवानी), ईषा अग्रवाल (कोलकाता), आकाश परिचय (गिरिडीह) तथा युवराज भारद्वाज (नवगछिया) श्याम भक्तों को मधुर एवं मनमोहक श्याम भजनों की प्रस्तुति देंगे।
आयोजन के मुख्य आकर्षणों में भव्य दरबार, अलौकिक श्रृंगार, अखंड ज्योति, इत्र वर्षा, फूलों की होली, दिव्य दर्शन, भजन गंगा, मनमोहक नृत्य-नाटिका, सवामणी प्रसाद, भव्य निशान शोभा यात्रा एवं लड्डू गोपाल फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता शामिल हैं।
आयोजन समिति ने बताया कि इस महोत्सव को भव्य और सफल बनाने के लिए सांवरिया सरकार नवगछिया की पूरी टीम जोर-शोर से तैयारी में जुटी हुई है।
