नवगछिया। नवगछिया रेलवे फ्लाईओवर इन दिनों लापरवाही और अव्यवस्था के कारण खतरनाक साबित हो रहा है। मकनपुर से नवगछिया और नवगछिया से मकनपुर को जोड़ने वाला यह व्यस्त मार्ग बालू और मिट्टी लदे ट्रेलरों के कारण जोखिम भरा बन गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बताया जा रहा है कि ट्रेलरों से गिरने वाली बालू और मिट्टी फ्लाईओवर पर जमा हो गई है, जिससे सड़क फिसलन भरी हो गई है। इसके चलते आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। हाल ही में एक पुलिसकर्मी अमन कुमार भी बाइक फिसलने से घायल हो गए, जिससे समस्या की गंभीरता सामने आई है।
यह फ्लाईओवर आम जनता के साथ-साथ प्रशासनिक और आपातकालीन सेवाओं के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। इसी मार्ग से अनुमंडल अस्पताल, नवगछिया टाउन थाना, महिला थाना, एससी-एसटी थाना और मुख्य बाजार तक लोगों का आवागमन होता है। इसके बावजूद नगर परिषद की ओर से सफाई और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं।

नगर परिषद के पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि सफाई कर्मियों को फ्लाईओवर की नियमित सफाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही खनन विभाग से भी बातचीत की जा रही है, ताकि बालू और मिट्टी ढोने वाले ट्रेलरों को ढककर ले जाया जाए और सड़क पर सामग्री न गिरे।
स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि जब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक यह फ्लाईओवर हादसों का केंद्र बना रहेगा।
