नवगछिया | नगर परिषद क्षेत्र में अब बिना लाइसेंस मीट एवं मछली की दुकानें संचालित नहीं की जा सकेंगी। इस संबंध में नवगछिया नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार ने शनिवार को जानकारी देते हुए कहा कि अवैध दुकानों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!लोगों की बढ़ रही थी परेशानी
शहर में खुले में मीट और मछली की बिक्री से दुर्गंध एवं गंदगी फैलने की शिकायत लगातार मिल रही थी। आसपास के दुकानदारों का कहना है कि इससे मक्खियों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे स्वच्छता प्रभावित हो रही है। वहीं सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से लगी दुकानों के कारण अक्सर यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति बन जाती है।
स्थानीय लोगों की शिकायत
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कई मीट दुकानों पर न तो ढके हुए काउंटर हैं और न ही अपशिष्ट निस्तारण की उचित व्यवस्था। खुले में मांस की कटाई और बिक्री से संक्रमण फैलने की आशंका बनी रहती है, जो जन स्वास्थ्य के लिए खतरा साबित हो सकता है।

प्रमुख इलाकों में चल रही थीं अवैध दुकानें
शहर के जीरो माइल, मुख्य बाजार और गौशाला रोड सहित कई इलाकों में दर्जनों मीट व मुर्गा दुकानें खुले में संचालित हो रही थीं। नियमों के अनुसार बिना लाइसेंस सड़क किनारे मीट बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है, बावजूद इसके स्वच्छता मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था।
नगर परिषद का बयान
कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि नगर परिषद द्वारा दुकानों की जांच कराई गई है। जिन दुकानदारों ने लाइसेंस के लिए आवेदन किया है, उनकी प्रक्रिया जारी है, जबकि बिना आवेदन संचालित दुकानों को नोटिस भेजकर बंद कराया जाएगा।
नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि शहर में स्वच्छता और जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आगे भी नियमित जांच अभियान चलाया जाएगा।
