नवगछिया। खरीक थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केला चोरी कांड का खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी के केले, घटना में इस्तेमाल टोटो और मोबाइल बरामद किया है। घटना 18 सितंबर 2025 की रात करीब 9:30 बजे की है। ग्राम तेलघी स्थित कपिलदेव झा के बगान से चार चोर केले की चोरी कर टोटो से भाग रहे थे। ग्रामीणों ने उनका पीछा किया, लेकिन सभी चोर केला और टोटो छोड़कर फरार हो गए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सूचना मिलते ही खरीक थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और 15 घौद केला, टोटो तथा अभियुक्त का मोबाइल जब्त किया। इस मामले में खरीक थाना में बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर कुछ ही घंटों में पश्चिमी घरारी निवासी अंकेश कुमार (पिता- बादल दास) को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापामारी जारी है।














