NAUGACHIA News

NAUGACHIA NEWS

THE SOUL OF CITY

भागलपुर में गंगा नदी के बीच धारा में खराब हुई यात्रियों से भरी नाव, SDRF ने किया रेस्क्यू

भागलपुर। गंगा नदी में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। महादेवपुर गंगा घाट से बरारी गंगा घाट की ओर आ रही यात्रियों से भरी एक नाव बीच नदी में अचानक खराब हो गई। नाव के बीच धारा में रुकते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

Whatsapp group Join

जानकारी के अनुसार नाव पर करीब 40 यात्री सवार थे। सभी यात्री महादेवपुर घाट से भागलपुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान बीच गंगा नदी में नाव का इंजन अचानक बंद हो गया। तेज बहाव के कारण नाव डगमगाने लगी, जिससे यात्रियों में डर का माहौल बन गया।

नाव पर सवार महिला यात्री संगीत देवी ने बताया कि नाव के बीच नदी में रुकते ही कई लोग घबरा गए और मदद के लिए चिल्लाने लगे। कुछ यात्रियों ने मोबाइल फोन से अपने परिजनों और स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी दी।

घटना की सूचना मिलने के बाद SDRF की टीम मोटरबोट के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। जवानों ने पहले यात्रियों को शांत कराया और फिर एक-एक कर सभी को सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया। बाद में खराब हुई नाव को भी सुरक्षित घाट तक लाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री को कोई चोट नहीं आई।

विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद गंगा पार करने के लिए नाव ही लोगों का मुख्य सहारा बन गई है। पुल पर आवागमन प्रभावित रहने के कारण इन दिनों घाटों पर यात्रियों की भीड़ काफी बढ़ गई है। ऐसे में नावों पर अतिरिक्त दबाव भी देखा जा रहा है।

घटना के बाद यात्रियों ने प्रशासन से नावों की नियमित जांच कराने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

चोर चोर चोर.. कॉपी कर रहा है