नवगछिया : NH-31 पर सड़क हादसा, बाइक सवार महिला समेत दो गंभीर घायल
नारायणपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग NH-31 पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में घायल एक महिला की स्थिति नाजुक होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर किया गया है।
घटना भवानीपुर थाना क्षेत्र के भगवान पेट्रोल पंप के समीप सतीशनगर गांव के पास हुई। घायलों की पहचान भागलपुर जिले के तेतरी निवासी 52 वर्षीय मीना देवी और उनके रिश्तेदार सोनू कुमार (पिता- शिव शाह) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मीना देवी और सोनू कुमार एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर ससुराल से अपने मायके जा रहे थे। इसी दौरान अचानक बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया गया। अस्पताल में ऑन-ड्यूटी चिकित्सक ने बताया कि दोनों को हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट के निशान पाए गए हैं।
प्राथमिक उपचार के बाद मीना देवी (पति- शंभू गुप्ता) की हालत चिंताजनक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया गया, जबकि सोनू कुमार का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है।

