बिहार के प्रसिद्ध राजकीय मेला मंदार महोत्सव सह बौंसी मेला का आगाज सोमवार को मंगलाचरण पाठ और शंख बजाकर किया गया। वहीं मकर संक्राति को लेकर हजारों लोगों ने पापहरिणी तालाब में डुबकी लगाई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!चार दिवसीय मेला का उद्धघाटन मुख्य अतिथि राज्य के भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री रामनारायण मंडल ने किया। मौके पर मंत्री ने कहा कि बांका भले ही पिछड़ा जिला की श्रेणी में आता है लेकिन आने वाले समय में मेरा लक्ष्य है कि बांका को देश के अग्रणी जिला के श्रेणी में लाया जाएगा ताकि बांका की पहचान देश स्तर पर ही नहीं विदेश स्तर तक हो। उन्होंने कहा कि मंदार महोत्सव सह बौंसी मेला काफी पौराणिक है तथा बार-बार इस मेला को राजकीय मेला बनाए जाने की मांग उठती रही थी। इसलिए पिछले साल ही इस मेला को राजकीय मेला घोषित कर दिया गया। आने वाले समय में मंदार महोत्सव को और भी अत्याधुनिक रूप दिया जाएगा ताकि इसकी पहचान निखरता रहे।
इसके पूर्व आधा घंटा तक शंख ध्वनि के बीच मंगलाचरण का पाठ किया गया जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। स्कूली छात्राओं ने गणेश बंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मंच का संचालन डीडी न्यूज की एंकर रूपम त्रिविक्रम कर रही थी।

चार माह के अंदर चालू होगा रोपवे
मंत्री ने कहा कि मंदार पर्वत पर निर्माणाधीन रोपवे को चार माह के अंदर चालू किया जाएगा। इसके लिए कंपनी के पदाधिकारियों से बात की जा रही है। रोपवे के निर्माण हो जाने से मंदार में पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा तथा लोगों को सुविधा मिलेगी।
नवनिर्मित कृषि प्रदर्शनी का शुभारंभ
मंत्री ने मंदार महोत्सव के शुभारंभ के पूर्व पौने चार करोड़ से निर्मित मुनीश्वर कृषि प्रदर्शन का शुभारंभ किया। उन्होंने पूरे कृषि प्रदर्शनी का मुआयना किया तथा जो भी काम बचा हुआ है उसे अबिलंव पूरा करने का पदाधिकारियों को निर्देश दिया। कार्यक्रम को विधायक गिरधारी यादव, मनीष कुमार, जर्नादन मांझी, एमएलसी मनोज यादव, जावेद इकबाल अंसारी, प्रभारी डीएम सह डीडीसी अभिलाषा कुमारी शर्मा, एसपी स्वप्ना जे मेश्राम आदि ने भी संबोधित किया।
विधायकों ने थियेटर चालू करने की मांग की
मंदार महोत्सव के उद्धघाटन के अवसर पर विधायक मनीष कुमार एवं एमएलसी जावेद इकबाल अंसारी में मंदार महोत्सव सह बौंसी मेला में अगले साल से थियेटर लगाने की मांग मंत्री एवं जिला प्रशासन से की है। ज्ञात हो कि बौसी मेला में थियेटर लगाया जाता था लेकिन विगत कुछ वर्ष पूर्व थियेटर में भगदड़ हो जाने के कारण इसे बंद कर दिया गया है।
