NAUGACHIA NEWS

THE SOUL OF CITY

नवगछिया: सवा चार धुर जमीन के लिए चाचा को मारी गोली.. मायागंज भागलपुर में भर्ती

नवगछिया ।  परबत्ता थाना क्षेत्र के जमुनिया वार्ड संख्या 5  में गुरुवार की सुबह  पारिवारिक जमीन विवाद को लेकर दो भाइयों में जमकर हिंसक मारपीट हुई। इस बीच बड़े भाई के बुलाने पर पहुंचे भतीजे ने अपने सगे चाचा को पिटाई करने के बाद देसी कट्टा निकालकर गोली मार दी। गोली से घायल चाचा की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें अनुमंडल अस्पताल नवगछिया से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मायागंज स्थित जेएलएनएमसीएच भागलपुर में भर्ती कराया गया है।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जानकारी के अनुसार जमुनिया निवासी स्व राजेंद्र यादव के दो पुत्र विजय यादव उर्फ बीजो और अजय यादव के बीच बसोबास सवा चार धुर जमीन को लेकर पिछले एक वर्ष से विवाद चल रहा था। गुरुवार की सुबह पुनः उसी  जमीन को लेकर पंचायत करने की बात को लेकर बिजय उर्फ बीजो व अजय यादव दोनों आपस में भीड़ गए। इस दौरान पहले तो दोनों पक्षो में लाठी-डंडे व ईंट पत्थर शुरू हुआ। जिसमें अजय व उनकी पत्नी कलावती देवी का सिर फट गया।

अजय व उनकी पत्नी की पिटाई के बाद बिजेंद्र उर्फ बीजो यादव के पुत्र दिलखुश उर्फ बिक्कू यादव ने देसी कट्टा से सगे चाचा अजय यादव को गोली मार दी। इस दौरान दो चक्र गोली चलने की बात सामने आई है। दूसरी गोली मिसफायर हो गयी। गोली लगते ही अजय यादव लहूलुहान हालत में बेहोश हो गये। ग्रामीणों के सहयोग से अजय को अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया गया, जहां से मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया गया। अजय के बाएं कांख को चिरती हुई गोली  निकल गई। मारपीट में अजय यादव और उनकी पत्नी कलावती देवी दोनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पत्नी कलावती का दायां हाथ टूट गया है। दोनों का इलाज मायागंज भागलपुर में चल रहा है।

बताया जा रहा है कि छह माह पूर्व भी अजय यादव की पत्नी को बिजेंद्र यादव ने मारपीट कर घायल कर दिया था। घटना की सूचना मिलते ही परबत्ता थानाध्यक्ष योगेश कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जांच पड़ताल कर मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ की। वहीं  अभियुक्त को पकड़ने के लिए उसके घर छापेमारी की लेकिन सभी आरोपी घर छोड़कर फरार थे। परबत्ता थानाध्यक्ष ने बताया कि गोली कांख को छूकर निकल गई। दिलखुश उर्फ बिक्कू यादव द्वारा गोली चलायी गयी है। जख्मी अजय यादव के फर्द बयान लेकर आरोपितों पर हत्या का प्रयास, 27 आर्म्स एक्ट, मारपीट व अन्य धाराओं के तहत कांड दर्ज करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। वहीं पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

चोर चोर चोर.. कॉपी कर रहा है