NAUGACHIA NEWS

THE SOUL OF CITY

नवगछिया में भीषण सड़क हादसा: एनएच-31 पर दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर

भागलपुर (नवगछिया)। शनिवार सुबह नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत भवानीपुर थाना क्षेत्र में एनएच-31 पर दो ट्रकों की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ट्रकों के चालकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब 10 किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद एक ट्रक चालक वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया था। वह करीब 10 मिनट तक मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन अत्यधिक चोट लगने के कारण तड़प-तड़प कर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद भवानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को केबिन से बाहर निकाला गया।

फिलहाल मृतक चालकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस पहचान कराने में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार एक ट्रक खगड़िया से चावल लोड कर नवगछिया की ओर आ रहा था, जबकि दूसरा ट्रक नवगछिया से गिट्टी लादकर खगड़िया की ओर जा रहा था। इसी दौरान आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिससे दोनों वाहन सड़क पर पलट गए।

हादसे में घायल युवक को पुलिस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। दुर्घटना के बाद एनएच-31 पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था, जिसे पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद धीरे-धीरे बहाल कराया।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

चोर चोर चोर.. कॉपी कर रहा है