नवगछिया : प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित ट्रायसेम भवन में मंगलवार को प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति (बीस सूत्री) की बैठक अध्यक्ष मुरारी कुमार मंडल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मात्र चार अधिकारी ही उपस्थित हुए। इस पर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष समेत सदस्यों ने नाराजगी जताई। कहा, जब अधिकारी ही अनुपस्थित रहेंगे तो बैठक का क्या औचित्य है। लोगों की समस्याओं से जुड़े सवाल का जवाब कौन देगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
सदस्यों ने अनुपस्थित अधिकारियों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने का प्रस्ताव पारित किया। अजीत कुमार पटेल ने नगर परिषद के मनिया मोड़ के एक व्यक्ति का जाति प्रमाण पत्र सीओ द्वारा निर्गत नहीं करने का मुद्दा उठाया। कुमार मिलन सागर ने नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में हृदय रोग से संबंधित डॉक्टर को स्थाई रूप से प्रतिनियुक्ति करने की मांग की, ताकि लोगों को भागलपुर नहीं जाना पड़े। शाहिद रजा ने उर्दू प्राथमिक विद्यालय उझानी में शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाया। साथ ही अनुमंडलीय अस्पताल में ओपीडी के डॉक्टरों द्वारा मरीजों को ठीक से नहीं देखने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बीमारी पर भी मरीजों को भागलपुर रेफर कर दिया जाता है। इसकी जांच होनी चाहिए। उपाध्यक्ष धीरज कुमार ने अंचल में व्याप्त भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए बिचौलियों पर कार्रवाई की मांग की। कहा, सीओ राजस्व पाठशाला का गठन करें और बीस सूत्री के सभी सदस्य के साथ बैठक कर लोगों की समस्याओं का निदान किया जाए। ज्ञानशक सिंह कुशवाहा ने वार्ड एक से लेकर तीन तक के विद्यालयों में शिक्षक की कमी होने का मुद्दा उठाया।














